हापुड़, 30 दिसंबर (khabarwala24)। हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र में एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम कर रहे दो भाइयों और उनके साथी पर कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना का विवरण
मूल रूप से जिला एटा के थाना जलेसर क्षेत्र के गांव मकसूदपुर आमका नगला के रहने वाले मोहम्मद तारिक पिछले सात-आठ साल से अपने परिवार के साथ हापुड़ के गांव खिचड़ा में रह रहे हैं। तारिक और उनका भाई नवेद पिछले पांच साल से गांव देहरा स्थित एक बिस्कुट फैक्ट्री में मजदूरी का काम कर रहे हैं।
29 दिसंबर की शाम को दोनों भाई फैक्ट्री में काम कर रहे थे। इसी दौरान गाजियाबाद के डासना क्षेत्र के गांव उस्मानगढ़ी के रहने वाले शहजाद, निजामुद्दीन, बबलू और उनके कुछ साथी वहां पहुंच गए। पीड़ित तारिक के अनुसार, आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौच शुरू कर दी। जब इसका विरोध किया गया तो मामला मारपीट तक पहुंच गया।
बीच-बचाव में भी हुए घायल
मारपीट के दौरान फैक्ट्री में ही काम करने वाले समीर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इससे नाराज आरोपियों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियार से तारिक के भाई नवेद और समीर पर हमला कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए, तब आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
धौलाना थाना प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि पीड़ित मोहम्मद तारिक की तहरीर पर शहजाद, निजामुद्दीन, बबलू और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


