Khabarwala 24 News Hapur: दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता के साथ क्रूरता की सारी सीमाएं पार कर दी गईं। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पहले मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। पीड़िता ने अपने नन्दोई पर अश्लील हरकत करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी पीड़िता ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका निकाह 25 नवंबर 2023 को मोहल्ला हर्ष विहार निवासी साहिब अहमद के साथ हुआ था। शादी के दौरान मायके पक्ष ने मोटरसाइकिल समेत अन्य घरेलू सामान देकर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद पति साहिब अहमद, नन्द समीरा और नन्दोई मुख्तार शादी में हुए खर्च से संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज को लेकर ताने देने लगे।
नन्दोई पर लगाए गंभीर आरोप (Hapur)
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति बचपन से ही अपनी बहन समीरा और जीजा मुख्तार के साथ रहता है। नन्दोई मुख्तार की नीयत शुरू से ही ठीक नहीं थी। वह पीड़िता पर गंदी नजर रखता था और उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। जब पीड़िता ने इसकी शिकायत अपने पति और अन्य ससुराल वालों से की तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
बेरहमी से की मारपीट (Hapur)
पीड़िता ने बताया कि 26 दिसंबर 2024 को उसने एक बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम दुआ रखा गया। बेटी के जन्म के बाद भी ससुरालियों का व्यवहार नहीं बदला और उत्पीड़न जारी रहा। आरोप है कि 27 अगस्त 2025 की शाम को नन्दोई मुख्तार, नन्द समीरा, दूसरी नन्द जालिहा और नन्दोई डॉ. जुबैर ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान मुख्तार ने जान से मारने की नीयत से उसका गला दबा दिया। किसी तरह पीड़िता ने अपनी जान बचाई और अपनी मासूम बेटी को लेकर मायके पहुंची।
पुलिस ने मामले की जांच की शुरू (Hapur)
पीड़िता ने आगे बताया कि 7 दिसंबर को आरोपी मुख्तार उसके मायके पहुंचा, जहां उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोपी ने धमकी दी कि यदि वह उसकी पत्नी बनकर नहीं रही तो तेजाब डालकर उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगा।महिला थाना पुलिस का कहना है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


