Khabarwala 24 News Hapur: कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस ने 60 हजार रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 10 हजार रुपये नकद और एक चाकू बरामद किया है। आरोपी के फरार साथी की तलाश जारी है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।
क्या है पूरा मामला (Hapur)
जानकारी के अनुसार थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ग्राम वझीलपुर निवासी करन सिंह ने कोतवाली हापुड़ नगर में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित ने बताया कि वह मंडी पाटिया स्थित लाला राजकुमार गुप्ता के यहां कार्य करता है। 8 जनवरी की शाम करीब 4 बजे वह साइकिल से मोहल्ला कलक्टर गंज में चाय पत्ती की सप्लाई देकर वापस लौट रहा था।
कैसे दिया वारदात को अंजाम (Hapur)
पीड़ित के अनुसार सिटी प्लाजा के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और 200 रुपये के खुले पैसे मांगने लगे। जब उसने मना किया तो दोनों युवकों ने बातों में उलझाकर चालाकी से उसकी जेब से 60 हजार रुपये निकाल लिए और उसकी जगह कागज की गड्डी रख दी। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद जब पीड़ित ने अपनी जेब देखी तो पैसे गायब थे। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
दस हजार रुपये किए बरामद (Hapur)
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रोडवेज बस अड्डे के पास से सोहराब गेट, सराय वैली, हरिजन चौक मेरठ निवासी इशाक को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक चाकू और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस (Hapur)
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर 60 हजार रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। बरामद की गई रकम उसी ठगी की धनराशि का हिस्सा है। पुलिस को आरोपी के फरार साथी के बारे में अहम जानकारी मिल गई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


