Hapur News Khabarwala 24 News Hapur: नलकूप के बिल जमा होने के बाद भी किसानों पर बकाए के बिल आने के मामले में क्षेत्रीय भाजपा विधायक विजयपाल आढ़ती प्रदेश के ऊर्जा मंत्री से मिले और किसानों की समस्या से अवगत कराते हुए समस्या का हल कराने का अनुरोध किया गया है।
किसानों को राहत दिलाने की मांग की
विधायक ने ऊर्जा मंत्री को बताया कि करीब दो दशक पहले ऊर्जा निगम के हापुड़ जनपद में किसानों से उनके बिल का पैसा लेकर कुछ अधिकारियों ने गबन कर लिया था। खाते में धनराशि जमा नहीं की तो किसानों पर आज तक बकाया खड़ा है, जबकि किसान अपना बिल जमा कर चुके हैं। अरबो रूपये के इस गबन के मामले की अभी भी जांच चल रही है। किसानों के पास उनकी जमा बिलों की तमाम रसीदें उपलब्ध है, फिर भी उनके खातों से बकाएदारी को खत्म नहीं किया जा रहा है। कई किसानों पर लाखों का बकाया भी दर्शाया जा रहा है। इसको लेकर किसान परेशान हैं। विधायक ने ऊर्जा मंत्री से अनुरोध किया कि जिन किसानों ने अपना बिल जमा कर रखा है उनके खातों से बकाया खत्म किया जाए ताकि किसान परेशान न हो।

पुरानी और जर्जर लाइन बदलावे के लिए धनराशि जारी कराने की मांग
विधायक ने ऊर्जा मंत्री को बताया कि क्षेत्र में कई बिजली की लाइनें पुरानी और जर्जर हो चुकी है। आए दिन तार टूटने के कारण जहां हादसे का खतरा बना रहता है, वहीं बार बार कटौती होती है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री से अनुरोध किया कि नवीन जिला विकास निधि से पुरानी और जर्जर लाइन को बदलवाने के लिए धनराशि जारी कराई जाए ताकि इस समस्या का समाधान कराया जा सके।
सामान्य योजना में आवेदन कर चुके किसानों की समस्या से भी अवगत कराया
विधायक ने ऊर्जा मंत्री को बताया कि जिले के सात सौ से अधिक किसानों ने सामान्य योजना में कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। लेकिन योजना के बीच में बंद होने से उन्हें चार साल बाद भी कनेक्शन नहीं मिले हैं। एेसे में उपभोक्ता परेशान हैं। उनकी समस्या का भी समाधान कराया जाए।



