Court NEWS:Khabarwala24NewsHapur(TC VERMA):राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 21 मई को होगा। जिसको सफल बनाने के लिए जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार प्रथम के बृहस्पतिवार को न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक का संचालन सिविल जज सीनियर डिविजन प्रथम व प्राधिकरण के प्रभारी सचिव सत्येंद्र सिंह वर्मा ने किया।
बैठक में जिला जज व प्राधिकरण के अध्यक्ष रविंद्र कुमार प्रथम ने कहा कि न्यायालयों में लंबित विभिन्न प्रकृति के मामलों जैसे फौजदारी के शमनीय वाद, धारा 138 एन आई एक्ट, धन वसूली वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम वाद, विद्युत अधिनियम एवं जलकर से सम्बन्धित वाद पारिवारिक, वैवाहिक वाद, भूमि अर्जन अधिनियम तथा बैंकों की रिकवरी से संबंधित मामलों को अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण के लिए नियत करे।
सिविल जज सीनियर डिविजन प्रथम व प्राधिकरण के प्रभारी सचिव सत्येंद्र सिंह वर्मा ने बताया कि 21 मई को जनपद न्यायालय व जनपद के समस्त बाह्य न्यायालयों व समस्त तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिसमें वादकारी व अधिवक्तागण निस्तारित योग्य वादों का निस्तारण करा सकेंगें।
विशेष लोक अदालत में 48 वादों को हुआ निस्तारण
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला जज रविंद्र कुमार प्रथम की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को विशेष लोक अदालत का आयोजन हुआ।
सिविल जज सीनियर डिविजन प्रथम व प्राधिकरण के प्रभारी सचिव सत्येंद्र सिंह वर्मा ने बताया कि विशेष लोक अदालत के लिए विभिन्न न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों द्वारा कुल 312 वाद चिन्हित किए गए थे। विभिन्न न्यायाधीशों ने 48 वादों को निस्तारण किया। जिसमें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रचना द्वारा नौ वादों का निस्तारण किया गया।



