नई दिल्ली, 19 दिसंबर (khabarwala24)। साल 2025 वनडे फॉर्मेट के लिए खास था। विश्व कप के बाद वनडे फॉर्मेट की सबसे अहम मानी जाने वाली चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन इसी साल हुआ। भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियन रही थी। भारत के शीर्ष बल्लेबाजों का प्रदर्शन इस साल वनडे फॉर्मेट में अच्छा रहा है। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में विराट कोहली और रोहित शर्मा हैं, लेकिन वैश्विक स्तर पर वनडे फॉर्मेट में साल के शीर्ष पांच बल्लेबाजों में किसी भारतीय खिलाड़ी का नाम नहीं है। पहला नाम भी बेहद चौंकाने वाला है।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने हाल के कुछ वर्षों में टेस्ट फॉर्मेट में अपनी दमदार बल्लेबाजी से बड़ी पहचान बनाई है, लेकिन वनडे में भी वह किसी से कम नहीं हैं। 2025 में रूट ने वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 15 मैचों की 15 पारियों में 3 शतक और 4 अर्धशतक लगाते हुए 808 रन बनाए हैं। जो रूट का साल 2025 में वनडे फॉर्मेट का सबसे सफल बल्लेबाज होना क्रिकेट फैंस को चौंकाने के साथ ही इस बात का सबूत है कि वह सिर्फ टेस्ट के ही नहीं बल्कि हर फॉर्मेट के श्रेष्ठ बल्लेबाज हैं।
न्यूजीलैंड के दाएं हाथ के बल्लेबाज डेरिल मिचेल दूसरे सफल बल्लेबाज हैं। मिचेल ने 17 मैचों की 16 पारियों में 1 शतक और 6 अर्धशतक लगाते हुए 761 रन बनाए हैं। स्कॉटलैंड के जॉर्ज मुन्से तीसरे सफल बल्लेबाज हैं। मुन्से ने 11 मैचों में 2 शतक और 5 अर्धशतक लगाते हुए 735 रन बनाए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के मैथ्यू ब्रिट्ज्के साल 2025 के चौथे सफल वनडे बल्लेबाज हैं। ब्रिट्ज्के ने 12 मैचों की 12 पारियों में 1 शतक और 6 अर्धशतक लगाते हुए 706 रन बनाए हैं। पांचवें नंबर पर वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप हैं। होप ने 15 मैचों की 15 पारियों में 2 शतक और 4 अर्धशतक लगाते हुए 670 रन बनाए हैं।
Previous articleअगर सरकार 365 दिन के लिए रोजगार गारंटी देती तो अच्छा होता: अफजल अंसारी
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


