नई दिल्ली, 16 सितंबर (khabarwala24)। श्रीलंका और हांगकांग के बीच सोमवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2025 का आठवां मैच खेला गया, जिसमें श्रीलंका ने 4 विकेट से जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में हांगकांग की टीम ने छह कैच टपकाए। इसी के साथ यह टीम उन देशों के साथ शामिल हो गई, जिन्होंने टी20 मैच की एक ही पारी में छह कैच छोड़े।
इससे पहले तीन मौकों पर टी20 फॉर्मेट की एक ही पारी में छह कैच टपकाए गए। साल 2009 में भारतीय टीम ने मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ ऐसा किया था। वहीं, साउथ अफ्रीका ने साल 2017 में श्रीलंका के विरुद्ध एक ही टी20 पारी में छह कैच छोड़े थे। यह मुकाबला केपटाउन में खेला गया।
इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम भी शामिल है, जिसने साल 2024 में स्कॉटलैंड के विरुद्ध ग्रोस आइलेट में खेले गए टी20 मुकाबले में छह कैच छोड़े थे।
मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी हांगकांग की टीम ने 4 विकेट खोकर 149 रन बनाए।
इस टीम को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। जीशान अली और अंशुमान रथ के बीच 4.5 ओवरों में 41 रन की साझेदारी हुई।
जीशान 17 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बाबर हयात बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन 4 रन से ज्यादा टीम के खाते में नहीं जोड़ सके।
हांगकांग की टीम ने 8.4 ओवरों में 2 विकेट खोकर 57 रन बना लिए थे। यहां से अंशुमान रथ ने निजाकत खान के साथ तीसरे विकेट के लिए 61 रन जुटाए।
अंशुमान 46 गेंदों में 48 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निजाकत खान ने 38 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 52 रन की नाबाद पारी खेली।
विपक्षी खेमे से दुष्मंथा चमीरा ने 2 शिकार किए, जबकि वानिंदु हसरंगा और दासुन शनाका ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इसके जवाब में श्रीलंका ने 18.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। श्रीलंका की ओर से पाथुम निसांका ने 44 गेंदों में सर्वाधिक 68 रन बनाए। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 6 चौके शामिल थे।
हांगकांग की ओर से कप्तान यासिम मुर्तजा ने सर्वाधिक 2 शिकार किए, जबकि आयुष शुक्ला, एहसान खान और एजाज खान ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


