सिडनी, 26 दिसंबर (khabarwala24)। बिग बैश लीग में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में मेलबर्न स्टार्स ने सिडनी सिक्सर्स को 7 विकेट से हरा दिया। मेलबर्न ने सिडनी के दिए 145 रन के लक्ष्य को 3 विकेट के नुकसान पर 15 गेंद पहले हासिल कर लिया। मेलबर्न के लिए सलामी बल्लेबाज सैम हार्पर ने रोमांचक शतकीय पारी खेली।
मेलबर्न स्टार्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिडनी सिक्सर्स की शुरुआत खराब रही थी। पारी की शुरुआत करने आए बाबर आजम 7 गेंद पर 2 रन बनाकर आउट हो गए। बाद के बल्लेबाज भी शुरुआत को बड़ी पारी में बदल पाने में कामयाब नहीं रहे। बाबर के साथ पारी की शुरुआत करने आए डेनियल हग्स के 42 गेंद पर 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 60 रनों की पारी की बदौलत सिडनी सिक्सर्स ने अपने सभी विकेट खोकर 20 ओवर में 144 रन बनाए।
मेलबर्न स्टार्स के लिए टॉम करन और पीटर सीडल ने 3-3 विकेट लिए। मार्क्स स्टॉयनिस ने 2 जबकि हारिस रऊफ ने 1 विकेट लिए।
145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेलबर्न स्टार्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी और जोए क्लार्क बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन दूसरे सलामी बल्लेबाज सैम हार्पर ने बेहतरीन शतक लगाया और टीम को 7 विकेट से जीत दिलायी। विकेटकीपर बल्लेबाज सैम ने 60 गेंद पर 6 छक्कों और 12 चौकों की मदद से 110 रन की नाबाद पारी खेली। उनके साथ टॉम करन 2 रन बनाकर नाबाद रहे।
सीन एबॉट को 1 और जोएल डेविस को 2 विकेट मिले।
इस जीत के साथ अंक तालिका में मेलबर्न स्टार्स पहले स्थान पर पहुंच गई है। मेलबर्न के 3 मैचों में 3 जीत के साथ 6 अंक हैं। वहीं सिडनी सिक्सर्स चौथे मैच में तीसरी हार के साथ चौथे स्थान पर है। होबार्ट हरिकेंस दूसरे और पर्थ स्कॉचर्स तीसरे स्थान पर है। सिडनी थंडर 3 मैचों में 2 अंक के साथ पांचवें, एडिलेड स्ट्राइकर्स 2 मैचों में 2 अंक के साथ छठे, ब्रिसबेन 3 मैचों में 2 अंक के साथ सातवें और मेलबर्न रेनेगेड्स 2 मैचों में 2 अंक के साथ आठवें स्थान पर है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


