फिरोजाबाद, 9 अक्टूबर (khabarwala24)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के टूंडला में दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर बन रहे ओवरब्रिज का एक हिस्सा गुरुवार देर रात अचानक गिर गया। हादसे में चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी राहत-बचाव दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।
पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि फिरोजाबाद में दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन के ऊपर टूंडला में बन रहा एक निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का हिस्सा गुरुवार रात ढह गया। इस हादसे में पुल के नीचे काम कर रहे चार मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच के लिए संबंधित विभाग को बुलाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात जब मजदूर पुल के नीचे काम कर रहे थे, तभी अचानक निर्माणाधीन रेलिंग भरभराकर नीचे गिर गई। देखते ही देखते मजदूर मलबे के नीचे दब गए और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों और जेसीबी की मदद से मलबा हटवाकर चारों मजदूरों को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल को घेर लिया है और सुरक्षा कारणों से आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है। फिलहाल रेस्क्यू टीम क्षेत्र की पूरी तरह से जांच कर रही है ताकि किसी अन्य के दबे होने की संभावना को समाप्त किया जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायल मजदूरों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और घटना की विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


