रामपुर, 6 दिसंबर (khabarwala24)। रामपुर जिलाधिकारी ने एसआईआर फॉर्म में फर्जीवाड़ा सामने आने पर एक महिला और विदेश में रहने वाले उसके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। यह उत्तर प्रदेश में इस तरह का पहला मामला है। सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जांच में सामने आया कि एसआईआर फॉर्म में महिला ने अपने बेटों के नाम पर गलत जानकारी दी थी और फर्जी हस्ताक्षर भी किए थे। डिजिटाइजेशन के दौरान बीएलओ को पूरा मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद जांच में फर्जीवाड़ा उजागर हुआ।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश भर में एसआईआर का कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ जारी है। इसी दौरान रामपुर में एसआईआर फॉर्म में गलत जानकारी भरने का मामला सामने आया।
रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र–37, रामपुर के भाग संख्या–248 में बीएलओ द्वारा मतदाताओं से प्राप्त गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा रहा था। इसी प्रक्रिया में यह फर्जीवाड़ा पकड़ा गया।
जिलाधिकारी के अनुसार जांच में यह पता चला कि मतदाता क्रमांक 645 आमिर (वर्तमान में दुबई में) और मतदाता क्रमांक 648 दानिश (वर्तमान में कुवैत में) के नाम पर जो फॉर्म भरे गए थे, वे उनकी मां नूरजहां ने भरकर जमा किए थे। महिला ने वास्तविक स्थिति छिपाई और जानबूझकर गलत जानकारी देकर नियमों का उल्लंघन किया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने इन तीनों के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
इस घटना के बाद लोगों से कहा गया है कि यदि किसी मतदाता का नाम दो स्थानों पर दर्ज है, तो वह फॉर्म केवल उसी स्थान पर भरे जहां वह वास्तव में रहता है। गलत जानकारी देना, तथ्य छिपाना या दो जगहों पर फॉर्म भरना निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जो लोग गलती से दो स्थानों से फॉर्म भरे हैं, वे अपने बीएलओ से संपर्क कर रोलबैक विकल्प के तहत संशोधन करा सकते हैं। यदि किसी प्रकार की त्रुटि फिर भी पाई जाती है, तो दोषियों पर कठोर और अनिवार्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने अपील की है कि एसआईआर प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी मतदाता अपनी जानकारी सत्य, सटीक और अद्यतन प्रस्तुत करें। किसी भी प्रकार की गलत जानकारी, तथ्य छिपाने या अनुचित विवरण देने से पूरी तरह बचें।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


