श्रीनगर, 21 दिसंबर (khabarwala24)। इंडिगो एयरलाइंस की ओर से रविवार को एक ट्रैवल एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें यात्रियों को फ्लाइट ऑपरेशन में देरी और बदलाव को लेकर सतर्क किया गया है। यह एडवाइजरी खास तौर पर श्रीनगर एयरपोर्ट को लेकर जारी की गई है, जहां लगातार घना कोहरा छाया हुआ है और विजिबिलिटी काफी कम हो गई है।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए बताया कि श्रीनगर में घने कोहरे के कारण वहां आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ रहा है। एयरलाइन ने कहा कि मौसम की स्थिति में बदलाव के चलते कुछ फ्लाइट्स में देरी हो सकती है। कुछ उड़ानों को ऑपरेशनल कारणों और क्लियरेंस के आधार पर रद्द भी किया जा सकता है।
इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जरूर चेक कर लें।
एयरलाइन ने यह भी कहा है कि अगर किसी यात्री की फ्लाइट रद्द होती है तो वह इंडिगो की वेबसाइट पर जाकर अपनी फ्लाइट को रीशेड्यूल कर सकता है या फिर रिफंड के लिए आवेदन कर सकता है। इंडिगो ने भरोसा दिलाया कि उसकी टीमें लगातार एयरपोर्ट अथॉरिटी और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में हैं, ताकि मौसम साफ होते ही उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से शुरू किया जा सके। साथ ही यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील भी की गई है।
श्रीनगर के अलावा अमृतसर एयरपोर्ट पर भी घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। इससे पहले ही अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कई उड़ानों में देरी की खबर सामने आ चुकी है। खराब मौसम और कोहरे के चलते दुबई, दिल्ली और मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली और वहां से आने वाली फ्लाइट्स तय समय से काफी देर से संचालित हो रही हैं।
घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं कई यात्रियों की फ्लाइट्स रद्द भी हो चुकी हैं। खासकर घरेलू उड़ानों पर मौसम का ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही देरी और कैंसिलेशन से यात्री परेशान हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


