लखनऊ, 21 दिसंबर (khabarwala24)। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेशी दौरे और वहां से भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को लेकर चिंता जताने पर भारतीय जनता पार्टी हमलावर है। इसी क्रम में भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने रविवार को राहुल गांधी पर जुबानी हमला किया।
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने khabarwala24 से बात करते हुए कहा, “राजीव गांधी के समय से कांग्रेस के लिए विदेशी दौरा सनसनी पैदा करने का माध्यम बन गया है। राहुल गांधी अपनी हर विदेश यात्रा पर सैम और सोरोस (सैम पित्रोदा और जॉर्ज सोरोस) अंकल से कुछ न कुछ विवाद खड़ा करने की कोशिश करते हैं। वे कुछ शिगूफा छोड़ते हैं। कभी वे भारत की अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाते हैं, कभी कोई घपला, कभी भारतीय उद्योगपतियों के बारे में खबरें उड़ा देते हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं समझता हूं कि राहुल गांधी की विदेश यात्रा उनकी अपनी व्यक्तिगत यात्रा हो सकती है, लेकिन अगर ऐसे समय में उनकी तरफ से गैर-तथ्यात्मक बयान आता है, तो उससे बड़ा कोई दुर्भाग्य नहीं है। भारत के राजनेता के वक्तव्य को देश के दुश्मन राष्ट्र पाकिस्तान और चीन संयुक्त राष्ट्र में उठाएं, तो यह अच्छा नहीं है।”
कोडीन कफ सिरप को लेकर हो रहे विवाद पर दिनेश शर्मा ने कहा, “जांच के बाद चीजें सामने आने दीजिए। उसके बाद पता चल जाएगा कि दर्द किसको होता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में अपराधी बचने वाला नहीं है।”
शर्मा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत के संघ जैसा विश्व में दूसरा संगठन नहीं होने के दावे का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “मैं आरएसएस का कार्यकर्ता होने के नाते कह सकता हूं कि इसके जैसा कोई दूसरा सामाजिक संगठन नहीं है। उनका तन, धन और जीवन समर्पित करने का भाव लेकर कोई विशाल संगठन खड़ा हो, ऐसा कोई उदाहरण नहीं है। संघ के स्वयंसेवक न जाति, न धर्म, बल्कि सिर्फ मानवता के कल्याण भाव से कार्य करते हैं।”
उन्होंने मनरेगा का नाम बदलकर विकसित भारत जी-राम जी विधेयक करने पर विपक्ष के आरोप को खारिज करते हुए कहा, “कांग्रेस बताए कि उन्होंने पहले योजना का नाम क्यों बदला? महात्मा गांधी पूज्य और राष्ट्रपिता हैं। महात्मा गांधी सिर्फ नाम नहीं बल्कि विचार हैं, जिसे भाजपा ने आत्मसात किया है।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


