नई दिल्ली, 10 दिसंबर (khabarwala24)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जनता के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाना चाहिए, लेकिन वे निभा नहीं रहे हैं। शशांक मणि त्रिपाठी ने ‘वंदे मातरम’ गीत पर लोकसभा में चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की गैर-मौजूदगी पर भी सवाल खड़े किए।
भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने बुधवार को khabarwala24 से बातचीत करते हुए कहा, “बहुत दुर्भाग्य है, क्योंकि वंदे मातरम पर बहुत अच्छी चर्चा के दौरान, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सारगर्भित उद्बोधन दिया और उसके बाद हमारे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इतना अच्छा उद्बोधन दिया, मैंने देखा कि नेता प्रतिपक्ष वहां नहीं थे।”
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को ‘वंदे मातरम’ पर लोकसभा में चर्चा के दौरान उपस्थित रहना चाहिए था। उन्हें जनता के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाना चाहिए, लेकिन वे निभा नहीं रहे हैं और इसीलिए बिहार में हार मिली। अन्य राज्यों में इसी तरह हारते रहेंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर विपक्ष के आरोपों को लेकर शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) एक सम्मानजनक संगठन है, जिसने देश के लिए बहुत कुर्बानी दी है। उन्होंने समाज को ऊपर ले जाने के लिए काम किए, जो शायद किसी अन्य संगठनों ने किए हों।”
भाजपा सांसद ने कहा, “आरएसएस कोई राजनीतिक दल नहीं है। राहुल गांधी को अगर सवाल उठाने हैं तो वह भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाएं, जिसका दबाव हम चुनावों में हर बूथ-बूथ पर लड़कर देंगे।”
वहीं, इंडिगो की देरी और कैंसलेशन को लेकर शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि इंडिगो को पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने माना नहीं और इसी कारण अफरातफरी की स्थिति पैदा हुई। हालांकि, इस घटनाक्रम के बाद सरकार भी सचेत हो चुकी है। मेरा मानना है कि अब अन्य एयरलाइन कंपनियों को भी मौका दिया जाना चाहिए और अगली बार हमें रेगुलेटरी एक्शन से भी बचना चाहिए।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


