नई दिल्ली, 29 दिसंबर (khabarwala24)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने आरएसएस के खिलाफ कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर के विवादित बयान को लेकर मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मणिकम टैगोर को माफी मांगनी होगी, वरना वह सजा भुगतने के लिए भी तैयार रहें।
समाचार एजेंसी khabarwala24 से बातचीत में आरपी सिंह ने कहा, “आरएसएस राष्ट्रवादी विचारधारा का संगठन है। मणिकम टैगोर ने आरएसएस की तुलना अल-कायदा से की। मणिक्कम टैगोर ने संघ के लिए जिस भाषा का इस्तेमाल किया है, उसके लिए मानहानि मुकदमे के लिए तैयार रहें। उन्हें माफी मांगनी होगी, वरना वे सजा भुगतने के लिए भी तैयार रहें।”
उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी गांधी और वाड्रा परिवार के बाहर नहीं जा सकती है, लेकिन भाजपा में एक बूथ कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय स्तर पर काम कर सकता है। यही दोनों दलों में फर्क है।”
मणिकम टैगोर की टिप्पणी पर भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि आरएसएस देशभक्तों का संगठन है। आरएसएस अपनी स्थापना के 100 वर्ष मना रहा है। कोई भी एक घटना नहीं बता सकता है, जहां आरएसएस ने मारने-काटने का काम किया है।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने भी मणिकम टैगोर को जवाब दिया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का मिजाज राष्ट्रवादियों के प्रति गर्मी और राजद्रोहियों के प्रति नरमी का रहा है। इसके कई उदाहरण देखने को मिल चुके हैं कि जब-जब राजद्रोहियों को सजा मिलती है और आतंकवादियों को चोट लगती है तो कांग्रेस चीखती है। इसी तरह कराची को चोट लगने पर कांग्रेस की चीख निकलती है। कांग्रेस नेताओं के बयानों में इसी की पुनरावृत्ति दिखाई देती है।”
भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने मणिक्कम टैगोर पर निशाना साधते हुए कहा कि आरएसएस ने देश-समाज और संस्कृति के लिए जो त्याग और समर्पण दिखाया है, यह कांग्रेस पार्टी अपनी सात पीढ़ियों में कभी नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि टैगोर से अनुरोध है कि वह अपने बयान को वापस लें और माफी मांगें।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


