नई दिल्ली, 21 दिसंबर (khabarwala24)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, पटकथा लेखक और फिल्ममेकर श्रीनिवासन के निधन पर दुख व्यक्त किया। रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रियंका ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संवेदना व्यक्त करते हुए प्रियंका गांधी ने बताया कि श्रीनिवासन की कला ने भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया और करोड़ों लोगों के दिलों को छुआ। प्रियंका गांधी ने पोस्ट में लिखा, “मलयालम एक्टर और फिल्ममेकर श्रीनिवासन के निधन से बहुत दुख हुआ। उनकी मानवीय विषयों पर केंद्रित कहानियां, तेज बुद्धि और यादगार परफॉर्मेंस ने भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया और अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”
श्रीनिवासन के निधन पर फिल्म जगत और राजनीति से जुड़े कई लोगों ने शोक व्यक्त किया है। अभिनेता दुलकर सलमान, रजनीकांत, ममूटी समेत तमाम एक्टर्स ने दुख व्यक्त किया।
श्रीनिवासन का निधन 20 दिसंबर को केरल के कोच्चि में हुआ। वह 69 वर्ष के थे और लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। वे उम्र से जुड़ी बीमारियों और हृदय संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, अभिनेता को साल 2022 में कार्डियक स्ट्रोक हुआ था, जिसके बाद उनकी सर्जरी भी हुई थी।
मलयालम सिनेमा के स्तंभ कहे जाने वाले श्रीनिवासन ने अपने पांच दशक लंबे करियर में 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। वह न केवल एक बेहतरीन अभिनेता, बल्कि पटकथा लेखक, निर्देशक और निर्माता के रूप में भी जाने जाते थे। उनकी फिल्में सामाजिक मुद्दों, व्यंग्य और आम आदमी की जिंदगी पर केंद्रित होती थीं।
उन्होंने एक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, दो फिल्मफेयर अवार्ड साउथ और कई केरल राज्य फिल्म पुरस्कार जीते। श्रीनिवासन के परिवार में पत्नी विमला और दो बेटे विनीत श्रीनिवासन और ध्यान श्रीनिवासन हैं, जो खुद मलयालम सिनेमा में सक्रिय हैं। विनीत एक सफल निर्देशक हैं और उन्होंने ‘हृदयम’ जैसी सफल फिल्म का निर्माण किया है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


