जूनागढ़, 9 नवंबर (khabarwala24)। गुजरात के ऐतिहासिक शहर जूनागढ़ में जूनागढ़ मुक्ति दिवस के अवसर पर राज्यव्यापी यूनिटी मार्च की भव्य शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सुबह 7 बजे इस पदयात्रा का उद्घाटन किया, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मनाई जा रही सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती का हिस्सा है। इस आयोजन में हजारों लोग शामिल हुए, जिन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ की शपथ ली और देश की एकता व अखंडता का संकल्प दोहराया।
यह मार्च राज्य सरकार के खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों विभाग तथा जूनागढ़ जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। 1947 में 9 नवंबर को जूनागढ़ नवाबी शासन से मुक्त होकर भारत का अभिन्न अंग बना था। सरदार पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से यह विलय संभव हुआ, जिसे ‘जूनागढ़ मुक्ति दिवस’ के रूप में याद किया जाता है। इस वर्ष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर इस ऐतिहासिक तिथि को चुना जाना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। यह न केवल इतिहास की स्मृति ताजा करता है, बल्कि युवा पीढ़ी को एकजुट भारत के निर्माण की प्रेरणा भी देता है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मार्च का शुभारंभ करते हुए कहा, “सभी को बधाई। जूनागढ़ मुक्ति दिवस पर सोरठ निवासियों को शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र सरदार पटेल की विरासत का जश्न मना रहा है।” उनके साथ जूनागढ़ जिला प्रभारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. प्रद्युमनभाई वाजा, जिला सह-प्रभारी विधि राज्य मंत्री कौशिकभाई वेकरिया, महापौर धर्मेश पोशिया, विधायक एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। एक आधिकारिक वीडियो में सीएम पटेल को मार्च का नेतृत्व करते देखा गया, जहां ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का नारा लगाया गया।
पदयात्रा में समाज के हर वर्ग ने भाग लिया। कॉलेज छात्र, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, माई भारत वॉलेंटियर्स, सहकारी संगठन, राजनीतिक दल, औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संगठन, धार्मिक संस्थाएं, साधु-संत, इन्फ्लूएंसर्स, पूर्व सैनिक परिवार, खिलाड़ी, प्रगतिशील किसान, प्रबुद्ध नागरिक, कामगार, सामाजिक संस्थाएं, स्थानीय निकाय पदाधिकारी, स्वयं-सहायता समूह और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। मार्च शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरा, जहां प्रतिभागियों ने तिरंगा लहराया और सरदार पटेल के चित्रों के साथ कदम मिलाए। अंत में सभी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत शपथ ली, जिसमें नशा मुक्ति, वोकल फॉर लोकल और पर्यावरण संरक्षण जैसे संकल्प शामिल थे।
बता दें कि यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर हो रहे यूनिटी मार्च का हिस्सा है, जो 31 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगा।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


