जयपुर, 26 दिसंबर (khabarwala24)। भारतीय सेना की साउथ वेस्टर्न (सप्त शक्ति) कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच युवा सशक्तीकरण, राष्ट्र निर्माण और वर्ष 2026 में जयपुर में आयोजित होने वाली आर्मी डे परेड को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सेना और समाज के बीच जुड़ाव को और मजबूत किया जाए तथा युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित किया जाए। खासतौर पर आर्मी डे परेड 2026 को लेकर तैयारियों और इसके व्यापक प्रभाव पर विचार-विमर्श किया गया।
सरकारी निर्देशों के अनुसार यह पहला अवसर होगा जब आर्मी डे परेड किसी सैन्य छावनी से बाहर आयोजित की जाएगी। इस ऐतिहासिक परेड का आयोजन राजस्थान की राजधानी जयपुर यानी ‘पिंक सिटी’ में किया जा रहा है ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक नागरिक भारतीय सेना की वीरता, अनुशासन और सामर्थ्य को नजदीक से देख सकें।
आर्मी डे 2026 के तहत कई आकर्षक और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें भवानी निकेतन परिसर में ‘नो योर आर्मी’ प्रदर्शनी, महल रोड पर भव्य आर्मी डे परेड और सवाई मानसिंह स्टेडियम में ‘शौर्य संध्या’ प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन आयोजनों के माध्यम से सेना के शौर्य, तकनीक, परंपरा और योगदान को आम जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
यह आयोजन राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ भारतीय सेना के पराक्रम और गौरव का उत्सव होगा। रणबांकुरों की धरती राजस्थान में सेना का यह भव्य आयोजन देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा तथा युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करेगा।
भारतीय सेना का यह प्रयास न केवल सैन्य शक्ति का प्रदर्शन होगा, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की एक ऐतिहासिक पहल भी साबित होगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


