गयाजी, 26 अगस्त (khabarwala24)। बिहार के मगध प्रमंडल का सबसे बड़ा और इकलौता सरकारी अस्पताल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (एएनएमसीएच) में इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल के कारण इलाज प्रभावित हो गया है। इंटर्न डॉक्टरों ने अपने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर ओपीडी सेवाएं पूरी तरह से ठप कर दी हैं। हालांकि, मरीजों की गंभीर जरूरतों को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं चालू रखी गई हैं।
इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें फिलहाल 20 हजार रुपए का स्टाइपेंड दिया जाता है, वह भी नियमित रूप से नहीं मिल रहा है। डॉक्टरों ने मांग की है कि स्टाइपेंड को 20 हजार से बढ़ाकर 40 हजार रुपए किया जाए। उन्होंने बताया कि देश के अन्य राज्यों, जैसे पश्चिम बंगाल और ओडिशा में इंटर्न डॉक्टरों को 40 से 43 हजार रुपए तक का स्टाइपेंड दिया जा रहा है।
इंटर्न डॉक्टर आर्य अशोक, डॉ. अंकिता और डॉ. हिमांशु कुमार ने एक सुर में कहा कि हम लोगों ने अस्पताल अधीक्षक, वरीय पदाधिकारियों से लेकर स्वास्थ्य मंत्री तक अपनी मांग रखी। कई बार आवेदन भी दिया, मुलाकात भी की, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। वास्तविक वृद्धि अब तक नहीं हुई। मजबूर होकर हम लोग ओपीडी सेवाएं बंद कर हड़ताल पर बैठे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हड़ताल के कारण इमरजेंसी सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ गया है। रोस्टर ड्यूटी से अलग अतिरिक्त डॉक्टरों को भी काम करना पड़ रहा है। हमारी सिर्फ एक ही मांग है कि स्टाइपेंड को 40 हजार रुपए किया जाए। जब तक यह मांग पूरी नहीं होगी, हम लोग हड़ताल जारी रखेंगे।”
हड़ताल की वजह से अस्पताल आने वाले मरीजों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। हरी लाल केशरी ने बताया कि वह अपनी पत्नी का इलाज कराने आए थे। एक्स-रे तो हो गया था लेकिन रिपोर्ट लेने आए तो डॉक्टरों की हड़ताल की वजह से दिक्कत हो रही है। ओपीडी बंद होने से मरीजों को बहुत परेशानी हो रही है।
इंटर्न डॉक्टर आर्य अशोक ने कहा कि मरीजों की ज़रूरत को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं बंद नहीं की गई हैं। हालांकि, वहां पर भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकार हमारी मांग पूरी करे तभी हड़ताल समाप्त होगी।
पीएसके
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


