पटना, 2 फरवरी (khabarwala24)। भाजपा से युवा विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर लगातार बिहार के विकास कार्यों पर काम कर रही हैं। साथ ही वह सोशल मीडिया पर भी लगातार बिहार के विकास कार्यों के बारे में चर्चा करती रहती हैं।
अब उन्होंने केंद्रीय बजट और बिहार में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत को लेकर हो रहे हंगामे पर बात की है। उन्होंने कहा कि छात्रा और उसके परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलेगा।
केंद्रीय बजट पर भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने khabarwala24 से बातचीत करते हुए कहा, “इस बार का बजट मुझे काफी खास लगा, क्योंकि इस बार बजट में युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को ध्यान में रखकर बनाया गया और सबसे अच्छा लगा कि हाई वैल्यू क्रॉप जैसे नारियल, काजू और अखरोट के उत्पादन को बढ़ावा देने की बात कही गई है और जिलों में गर्ल हॉस्टल खोलने का भी प्रस्ताव रखा गया है। ऐसी बहुत सारी छोटी-छोटी बातें हैं, जिनपर सरकार ने ध्यान दिया है।”
उन्होंने आगे कहा, “महिलाओं के कल्याण और आर्थिक समृद्धि बढ़ाने के लिए लखपति दीदियों को शी-मार्ट योजना के माध्यम से उत्पाद बेचने का नया प्लेटफॉर्म दिया गया है।”
इससे पहले भी विधायक ने सोशल मीडिया के जरिए बजट को समावेशी और देश के हित में बताया था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा था, “केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ सुना। विशेष रूप से महिलाओं की बराबरी की भागीदारी और उत्साह देखने लायक था। बजट में महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के हित, गरीबों के कल्याण और युवाओं के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया गया। विधायक के रूप में जनता को सरल भाषा में बजट की बातें साझा कर सकीं, यही लोकतंत्र की असली ताकत है।”
मैथिली ठाकुर ने बिहार में नीट छात्रा प्रकरण के मामले पर कहा, “एक लड़की होने के नाते मेरा भी मानना है कि उसे जल्द से जल्द न्याय मिले और सरकार इस मामले पर नजर बनाए रखे। जब भी गृह मंत्री से मुलाकात होती है तो इसी मुद्दे पर बात होती है कि कैसे जल्द से जल्द लड़की और उसके परिवार को न्याय दिलाया जा सकता है। सीबीआई मामले की गहराई से जांच कर रही है और हमें जांच पर पूरा भरोसा है।”
बता दें कि बिहार में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के बाद से सियासत गरमा गई है। छात्रा का परिवार लगातार बिहार पुलिस पर आरोप लगा रहा है कि वे हत्या को खुदकुशी साबित करने पर लगे हैं और यौन उत्पीड़न से भी इनकार कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब आगे की जांच सीबीआई को सौंप दी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


