अयोध्या, 16 फरवरी (khabarwala24)। समाजवादी पार्टी (सपा) से सांसद अवधेश प्रसाद ने टी-20 विश्व कप में भारत की पाकिस्तान पर मिली जीत पर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को हमारे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए विशेष सम्मान की योजना बनानी चाहिए।
अयोध्या में khabarwala24 से बातचीत में सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। समय-समय पर प्रतियोगिता और बहादुरी के आधार पर हमारे देश के खिलाड़ियों ने देश के माथे को हमेशा ऊंचा करने का काम किया है। अभी पाकिस्तान से जो खेल हुआ है, उसमें बुरी तरह से पाकिस्तान को हमारे देश के खिलाड़ियों ने पराजित किया है और देश के सम्मान को आसमान तक पहुंचाने का काम किया है। हम अपने देश के सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हैं, स्वागत करते हैं और बधाई देते हैं। हम केंद्र और प्रदेश सरकार से मांग करते हैं कि खिलाड़ियों के लिए विशेष सम्मान की योजना बनाई जाए, जिससे हमारे देश के खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा हो।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रशंसा करते हुए सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि अखिलेश यादव के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ रहा है और दूसरी तरफ भाजपा पर विश्वास घट रहा है, जिसका नतीजा है कि आज विभिन्न दलों के लोग सपा में शामिल होने की बात कर रहे हैं। 15 फरवरी को लखनऊ में बड़ी तादाद में बड़े-बड़े नेता शामिल हुए हैं। यह इस बात का संकेत है कि सपा के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।
ममता बनर्जी द्वारा एसआईआर का मुद्दा उठाए जाने पर सपा सांसद ने कहा कि जहां तक मेरी जानकारी है, ममता बनर्जी पहली मुख्यमंत्री हैं, जो एसआईआर को लेकर लोकतंत्र बचाने के लिए स्वयं न्यायालय में गईं और अपनी बात रखी। इसका संदेश पूरे देश में गया है। एसआईआर के माध्यम से बड़े पैमाने पर इस देश के पिछड़ों का, दलितों का, अल्पसंख्यकों का वोट काटने की बहुत बड़ी योजना वर्तमान सरकार की है। ये देश के लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। वोट का अधिकार बीआर अंबेडकर ने दिया है, जिसे भाजपा खत्म करना चाहती है। ममता बनर्जी ने बहुत अच्छा काम किया है।
सपा नेता मोईद खान का जिक्र करते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि हमने मांग की थी कि सीएम योगी आदित्यनाथ को विधानसभा में खेद प्रकट करना चाहिए। क्योंकि निर्दोष को फंसाया गया है, उसके घर को गिराया गया है। जबकि संविधान में बुलडोजर चलाने का कोई प्रावधान नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


