चेन्नई, 27 अक्टूबर (khabarwala24)। तमिलनाडु की राजनीति और सिनेमा दोनों में एक प्रभावशाली नाम बन चुके अभिनेता और टीवीके (थलापति विजय मक्कल इयक्कम) के अध्यक्ष विजय सोमवार को उन परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिन्होंने पिछले महीने करूर में मची भगदड़ में अपने प्रियजनों को खो दिया था। वह महाबलीपुरम के पास एक रिसॉर्ट में पीड़ितों के परिवारों से मिलेंगे।
बता दें कि 27 सितंबर को करूर में विजय की चुनावी रैली के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 41 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। उस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था, और विजय ने तब सार्वजनिक रूप से अपनी गहरी संवेदना प्रकट की थी। अब, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से हर परिवार से मिलने का निर्णय लिया है ताकि वे उनके दुख में सहभागी बन सकें।
रविवार को टीवीके के कार्यकर्ताओं ने उन परिवारों को करूर और आसपास के जिलों से महाबलीपुरम लाने की व्यवस्था की। पार्टी ने इस यात्रा को पूरी तरह से अपने खर्च पर आयोजित किया है। लगभग 38 परिवार आठ निजी बसों में महाबलीपुरम पहुंचे, जबकि दो परिवार सोमवार सुबह विमान से पहुंचेंगे। तिरुप्पूर के एक परिवार ने हालांकि व्यक्तिगत कारणों से इस यात्रा में शामिल न होने का निर्णय लिया है। इन सभी परिवारों के ठहरने के लिए एक रिसॉर्ट में लगभग 50 कमरे बुक किए गए हैं।
टीवीके सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक परिवार को पहले उनके घर से लेकर करूर में एक साझा स्थान पर लाया गया, जहां से सभी को एक साथ सड़क मार्ग से महाबलीपुरम भेजा गया। पूरे प्रबंध की निगरानी करूर, कोयंबटूर और इरोड जिलों के सचिवों ने की। पार्टी ने सुनिश्चित किया कि परिवारों को यात्रा के दौरान कोई असुविधा न हो और उन्हें पूरा सम्मान और देखभाल मिले।
असल में, विजय ने शुरू में योजना बनाई थी कि वे खुद करूर जाकर हर परिवार से उनके घर पर मिलेंगे। लेकिन सुरक्षा कारणों और अन्य दिक्कतों के चलते इस योजना को बदलना पड़ा। इसके बाद पार्टी ने फैसला किया कि सभी परिवारों को एक ही स्थान पर बुलाया जाए, ताकि मुलाकात शांतिपूर्ण, निजी और सम्मानजनक माहौल में हो सके।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को मिलने का कार्यक्रम मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि देने से शुरू होगा। यह श्रद्धांजलि उन 41 लोगों के लिए होगी जिनकी जान करूर हादसे में चली गई। इसके बाद विजय हर परिवार से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे। वे न केवल सांत्वना देंगे बल्कि यह भी सुनिश्चित करेंगे कि जरूरत पड़ने पर उन्हें आर्थिक और सामाजिक मदद मिले।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कार्यक्रम दोपहर तीन बजे तक चलेगा, जिसके बाद लंच का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात परिवार अपने-अपने जिलों के लिए लौट जाएंगे।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


