नई दिल्ली, 8 दिसंबर (khabarwala24)। देशभर के स्कूलों के पाठ्यक्रम में हिंदू धर्मग्रंथ भगवद्गीता को शामिल करने के सुझाव पर आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच, केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने सोमवार को अपने बयान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशाखोरी को देखते हुए नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए गीता का अध्ययन जरूरी है।
अपने दिल्ली स्थित आवास कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान कुमारस्वामी ने कहा, “कर्नाटक में विशेषकर बेंगलुरु के युवा नशे की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं। रेव पार्टियों में रातभर ड्रग्स की आपूर्ति होती है। युवाओं को इस खतरनाक रास्ते से दूर करने के इरादे से मैंने कहा कि स्कूली शिक्षा के दौरान बच्चों को भगवद्गीता पढ़ाई जानी चाहिए। इसमें गलत क्या है?”
उन्होंने स्पष्ट किया कि गीता सिर्फ हिंदू समुदाय के लिए नहीं, बल्कि सभी बच्चों को पढ़ाई जानी चाहिए, क्योंकि यह एक मूल्य-आधारित और स्वस्थ समाज निर्माण में योगदान दे सकती है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और मंत्री एच.सी. महादेवप्पा की आलोचनाओं पर पलटवार करते हुए कुमारस्वामी ने कहा, “क्या अच्छी बातें कहना, सही सोच को बढ़ावा देना और बच्चों में सकारात्मक मूल्य डालना मनुवाद कहलाता है? क्या शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर गीता पढ़ाने का अनुरोध करना कोई अपराध है?”
कुमारस्वामी ने कहा कि वह गीता, रामायण और महाभारत का अध्ययन कर चुके हैं और गांधीजी भी भगवद्गीता से अत्यधिक प्रेरित थे। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गीता के 63वें श्लोक का भी पाठ किया।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक तेजी से ड्रग तस्करी का केंद्र बनता जा रहा है और नशा युवकों को भटका रहा है। उन्होंने कहा, “ड्रग्स खुलेआम स्कूल-कॉलेजों के आसपास बेचे जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों तक के अपराध में शामिल होने की खबरें सामने आ रही हैं। मंत्री महादेवप्पा को सोचना चाहिए कि ऐसी स्थिति क्यों बनी।”
कुमारस्वामी ने कहा कि भगवद्गीता शांति, अनुशासन और आत्मसंयम का संदेश देती है तथा व्यक्तित्व निर्माण में सहायक है। उन्होंने कहा, “मैंने कभी किसी को मनुवादी बनने को नहीं कहा। केवल यह कहा कि गीता अच्छे संस्कार देती है। फिर इसे तोड़-मरोड़कर पेश करने की जरूरत क्या है?”
उन्होंने बताया कि शिवमोग्गा में आयोजित एक गीता जागरूकता कार्यक्रम में संतों, विद्वानों और अभिभावकों ने भी गीता को पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने का समर्थन किया था, जिसके बाद उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखा।
उन्होंने पूछा, “क्या मैंने कभी कहा कि बच्चों को संविधान के बारे में न पढ़ाया जाए?”
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


