तिरुवनंतपुरम, 13 दिसंबर (khabarwala24)। केरल में स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना शनिवार सुबह से जारी है। शुरुआती रुझानों में राज्य भर में मिली-जुली और बदलती हुई तस्वीर दिखाई दे रही है।
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने उम्मीद से अच्छी शुरुआत की है। वहीं, सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) उम्मीद के मुताबिक हल्की बढ़त बनाए हुए दिख रहा है।
कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) भी 2020 के स्थानीय निकाय चुनावों की तुलना में इस बार बेहतर प्रदर्शन करता नजर आ रहा है। कई क्षेत्रों में मुकाबला बेहद करीबी बताया जा रहा है, खासकर नगर पालिका में, जहां एक-एक वार्ड के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिल रहा है।
जिला पंचायतों के स्तर पर यूडीएफ को कुछ बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि ग्राम पंचायतों में माकपा की स्थिति अपेक्षाकृत मजबूत बनी हुई है। ब्लॉक पंचायतों में भी सीपीआई (एम) आगे नजर आ रहा है।
नगर निगमों के कई वार्डों में भी सीपीआई (एम) को शुरुआती बढ़त मिलती दिख रही है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, जिला पंचायतों के नतीजों को राज्य में राजनीतिक ताकत का सबसे अहम पैमाना माना जाता है, इसलिए सभी दलों की नजर इन्हीं परिणामों पर टिकी हुई है।
फिलहाल कन्नूर को छोड़कर राज्य के अधिकांश नगर निगम वाम मोर्चे के नियंत्रण में हैं, लेकिन शुरुआती रुझानों से संकेत मिल रहा है कि मतगणना आगे बढ़ने के साथ इस स्थिति में बदलाव संभव है।
राजधानी तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए शुरुआती दौर में आगे चल रहा है, हालांकि मुकाबला बेहद करीबी है और वाम मोर्चा भी यहां मजबूत स्थिति में बना हुआ है। पलक्कड़ में भी एनडीए के प्रदर्शन को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।
त्रिशूर नगर निगम में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने शुरुआती बढ़त बनाई है, हालांकि यहां भाजपा तेजी से अंतर कम करती दिख रही है, जबकि वाम मोर्चे का प्रदर्शन उम्मीद से कमजोर बताया जा रहा है।
एर्नाकुलम नगर निगम में कांग्रेस को अंदरूनी बगावत यानी ‘रिबेल फैक्टर’ का नुकसान झेलना पड़ता नजर आ रहा है। यह उन छह नगर निगमों में शामिल था, जहां कांग्रेस को जीत की उम्मीद थी। वहीं, कन्नूर नगर निगम में भी कांग्रेस अनुकूल नतीजों की उम्मीद लगाए बैठी है।
सुबह 9 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कुल वार्डों की संख्या के लिहाज से वाम मोर्चे को अभी भी हल्की बढ़त हासिल है, लेकिन अंतिम नतीजों को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है। मतगणना के आगे बढ़ने के साथ राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


