बेंगलुरु, 8 दिसंबर (khabarwala24)। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस विधायक केएन राजन्ना ने सोमवार को कहा कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान ही लेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की संभावना कम है। बता दें कि केएन राजन्ना, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के करीबी माने जाते हैं।
राजन्ना ने कहा, “शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की संभावना नहीं है। मैं पहले भी कह चुका हूं कि अगर वे मुख्यमंत्री बने तो मैं कैबिनेट में नहीं रहूंगा। यह सवाल तभी उठेगा जब वे सीएम बनें। मैं अभी भी कांग्रेस में हूं। पार्टी ने मेरे साथ कुछ नहीं किया, लेकिन कुछ लोगों ने मेरे खिलाफ साजिश रची।”
गौरतलब है कि राजन्ना ने हाल में शिवकुमार को चुनौती दी थी, जिसके बाद उन्हें कैबिनेट से हटा दिया गया था। यह विवाद तब बढ़ा था, जब उन्होंने मतदाता धोखाधड़ी मामले पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान के विपरीत टिप्पणी की थी।
उन्होंने दूसरे दल में जाने की अटकलों को भी खारिज करते हुए कहा कि वह सक्रिय राजनीति में हैं और कांग्रेस नहीं छोड़ रहे।
राजन्ना का बयान उस वक्त आया है जब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे एवं एमएलसी यथिंद्र सिद्धारमैया ने कहा था कि उनके पिता अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजन्ना ने कहा, “यथिंद्र का बयान उनकी व्यक्तिगत राय है। न तो सिद्धारमैया हाईकमान को डराते हैं और न ही हाईकमान उन्हें छोड़ देगा।”
जब उनसे गृह मंत्री जी परमेश्वर को मुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना पर सवाल पूछा गया, तो राजन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री पद किसी को केवल दलित होने के आधार पर नहीं दिया जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि 2013 में पार्टी को जीत दिलाने में परमेश्वर का बड़ा योगदान रहा है।
कांग्रेस विधायक और शिवकुमार समर्थक एचसी बालकृष्ण द्वारा ‘राजन्ना को स्पष्ट करना चाहिए कि वे किस पार्टी में हैं’ वाले बयान पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, “मैं 15 साल से कांग्रेस में हूं। बालकृष्ण जो चाहे मूर्खतापूर्ण बयान दे सकते हैं।”
इस बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी कहा कि वह हाईकमान के निर्णय का सम्मान करेंगे और उसी अनुसार काम करेंगे।
बता दें कि कर्नाटक में नेतृत्व को लेकर बयानबाजी जारी है, लेकिन बयानों के बीच अब सबकी निगाहें हाईकमान के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


