गांधीनगर, 20 दिसंबर (khabarwala24)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को अहमदाबाद शहर को उसकी प्रथम स्वदेशी रूप से निर्मित ‘मेक इन इंडिया’ मेट्रो ट्रेन की भेंट दी। मुख्यमंत्री पटेल ने कोलकाता के निकट टीटागढ़ रेल सिस्टम्स के आधुनिक प्लांट का दौरा कर अहमदाबाद मेट्रो रेल के कोचेस लॉन्च किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ तथा आत्मनिर्भर भारत को गति देने वाला यह महत्वपूर्ण कदम गुजरात के लिए गौरव समान है।
टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड द्वारा उसके फैसिलिटी प्लांट में यह ट्रेन मेक इन इंडिया के अंतर्गत स्वदेशी रूप से बनाई जा रही है। आधुनिक मेट्रो तथा यात्री कोच के उत्पादन के लिए सक्षम यह प्लांट अत्याधुनिक एवं आधुनिक तकनीक तथा साधन-सामग्री के साथ स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीटागढ़ प्लांट में देश के अनेक राज्यों के लोग कार्यरत हैं। यह भी एक भारत-श्रेष्ठ भारत का प्रधानमंत्री का मंत्र चरितार्थ करता है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए अभिनंदन दिया।
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद को मिल रही यह मेट्रो ट्रेन शहर में मेट्रो रेल व्यवस्था की बढ़ती मांग तथा लोकप्रियता को पूरा करने के साथ पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम्स को सुगम बनाएगी। गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (जीएमआरसीएल) ने कोलकाता स्थित टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड को 10 ट्रेनों का ऑर्डर दिया है। ये ट्रेनें फेज-2 के 21 किलोमीटर का कार्य पूर्ण होने पर तथा शेष भाग शीघ्र कार्यरत होने पर उत्पन्न होने वाली अतिरिक्त ट्रेनों की जरूरत को पूरा करेंगी।
भूपेंद्र पटेल ने कहा कि अहमदाबाद मेट्रो हाल में प्रतिदिन 1.6 लाख से अधिक यात्रियों को सेवा देती है और इसमें वार्षिक 30-40 प्रतिशत की वृद्धि हो रही है। आने वाले दिनों में मेट्रो रेल सेवा का यह दायरा बढ़ाया जाएगा और सूरत में भी मेट्रो कार्यरत होने वाली है।
उन्होंने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाले स्टेनलेस स्टील से बनी इन मेक इन इंडिया ट्रेनों में रंगों तथा डिजाइन का जो विशेष स्पर्श दिया गया है, वह अहमदाबाद की संस्कृति एवं परंपरा को प्रतिबिंबित करता है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि अहमदाबाद मेट्रो रेल के लिए स्वीकार की गई प्रथम मेक इन इंडिया मेट्रो ट्रेन अंतिम परीक्षणों तथा सम्बद्ध प्राधिकारियों से प्रमाणपत्र मिलने के बाद शीघ्र ही अहमदाबाद पहुंचाई जाएगी। इसके बाद उसे यात्रियों की सेवा में जोड़ा जाएगा। इतना ही नहीं, अहमदाबाद के लिए बाकी रही 9 ट्रेनें भी टीटागढ़ प्लांट द्वारा आगामी 5-6 महीनों में चरणबद्ध ढंग से प्रदान की जाएंगी। वैश्विक स्तर पर लागू होने वाले वर्तमान अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुकूल यह मेक इन इंडिया ट्रेन गुजरात के लिए गौरव समान बनेगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐसे विजनरी लीडर हैं कि वे हर कार्य में भावी आयोजन तथा छोटे से छोटे व्यक्ति के भले का विचार करके ही आगे बढ़ते हैं। उनके दिशादर्शन में देश के विकास में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की जो महत्वपूर्ण भूमिका है, उसका विवरण देते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि पिछले वर्षों में देश में रिकॉर्ड ब्रेक गति से सड़क निर्माण हुआ है, एयरपोर्ट की संख्या दोगुनी हुई है और मेक इन इंडिया सेमी हाईस्पीड वंदे भारत ट्रेन से रैपिड ट्रांजिस्ट को नई दिशा मिली है। 2014 में मेट्रो नेटवर्क 248 किलोमीटर था, जो 2025 में बढ़कर 1013 किलोमीटर हुआ है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कोच निरीक्षण के जरिये तथा प्लांट के वरिष्ठ इंजीनियरों के साथ चर्चा करते हुए अहमदाबाद मेट्रो ट्रेन के कोचेस की विशेषताओं की गहन जानकारी प्राप्त की। टीटागढ़ प्लांट के इंजीनियरों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह मेट्रो ट्रेन श्रेष्ठ कोटि की फायर सेफ्टी सहित अन्य सुरक्षा सुविधाओं तथा ग्रेड ऑफ ऑटोमेशन 4 (जीओए4) के अंतर्गत पूर्णतः ऑटोमेटेड ड्राइवरलेस ट्रेन के रूप में कार्य करने में सक्षम है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार डॉ. हसमुख अढिया, मुख्यमंत्री के सलाहकार तथा गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एसएस राठौड़, टीटागढ़ रेल सिस्टम्स के प्रबंध निदेशक उमेश चौधरी, और गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन तथा टीटागढ़ रेलवे सिस्टम्स के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


