पटना, 10 दिसंबर (khabarwala24)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में चल रहे ‘गुंडा बैंक’ के अवैध कारोबार को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा।
चौधरी ने स्पष्ट कहा कि सूद पर पैसा देकर मनमाना ब्याज वसूलने और लोगों को जमीन गिरवी रखने के लिए मजबूर करने वाले इस अवैध व्यवस्था को बंद करना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में अब रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा अधिकृत बैंक ही चलेंगे। गुंडा बैंक की कोई जगह नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एआई आधारित कैमरे लगाने की भी बात कही।
चौधरी ने बताया कि बिहार की सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाने के लिए बड़े पैमाने पर एआई आधारित कैमरे लगाए जाएंगे। बिहार की सभी जेलों में 10 हजार से अधिक कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। पटना के सरदार पटेल भवन में बुधवार को आशु सहायक अवर निरीक्षक को नियुक्ति पत्र बांटने के बाद अपने संबोधन में चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 2005 से सरकारी नियुक्तियों की प्रक्रिया निरंतर पारदर्शी तरीके से चल रही है। 2005 से 2020 तक 7.5 लाख से अधिक नियुक्तियां हुईं। पिछले पांच वर्षों में 11.5 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय द्वारा आशु सहायक अवर निरीक्षक को नियुक्ति पत्र दिए गए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बिहार पुलिस के सभी पदों की स्वीकृत संख्या 2,29,651 है। इस वर्ष 21,391 सिपाहियों की नियुक्ति कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 19,838 सिपाही पदों के लिए लिखित परीक्षा हो चुकी है, शारीरिक परीक्षा इसी माह शुरू होगी और चयन मार्च 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। अवर निरीक्षक के 1799 पदों पर नियुक्ति का विज्ञापन प्रकाशित है। बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित पुलिस उपाधीक्षक के 19 पदाधिकारियों का प्रशिक्षण जारी है। चालक सिपाही के 4300 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा आयोजित की गई है। उपमुख्यमंत्री ने जिलों के सभी एसपी को नियमित रूप से थानों में जनता दरबार लगाने तथा जघन्य मामलों का स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिहार में किसी भी स्तर के माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।
Previous article‘एब्स सिर्फ जिम में नहीं, बल्कि किचन में भी बनते हैं,’ ईशा कोप्पिकर ने बताया प्रोटीन-रिच डाइट क्यों है जरूरीNext articleपीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की इंटरनेशनल लेवल पर ताकत बढ़ी : गौरव वल्लभ
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


