नई दिल्ली, 7 नवंबर (khabarwala24)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दुबई में भारतीयों की अघोषित संपत्तियों के संबंध में हवाला ऑपरेटरों पर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को ईडी ने दिल्ली और गोवा में हवाला ऑपरेटरों से जुड़े कई ठिकानों पर छापे मारे।
ईडी की मुख्यालय इकाई ने दुबई की अघोषित संपत्तियों की जांच के सिलसिले में विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के प्रावधानों के तहत एक साथ छापेमारी की है।
जांच एजेंसी को शक है कि फेमा नियमों का उल्लंघन करके पैसे भारत से बाहर भेजे गए और बाद में उन पैसों का इस्तेमाल दुबई में संपत्तियां खरीदने के लिए किया गया। फिलहाल, इस तलाशी अभियान में ईडी हवाला के जरिए विदेशों में किए गए अवैध विदेशी धन के लेनदेन और बेहिसाब निवेश का पता लगाने में जुटी है।
इसी बीच, उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर लिमिटेड से जुड़े एक फर्जी बैंक गारंटी मामले में अमरनाथ दत्ता को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है। अदालत ने अमरनाथ दत्ता को चार दिन की ईडी की हिरासत में भेज दिया है।
इससे पहले, रिलायंस पावर के तत्कालीन सीएफओ अशोक पाल और बिस्वाल ट्रेडलिंक प्राइवेट लिमिटेड के एमडी पार्थ सारथी बिस्वाल को ईडी ने गिरफ्तार किया था। अशोक पाल को इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया। वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है।
ईडी के अनुसार, अशोक पाल ने कंपनी के पैसों को इधर-उधर करने और एक सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम को कथित रूप से धोखा देने के लिए सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एसईसीआई) को 68 करोड़ रुपए से अधिक की फर्जी बैंक गारंटी जमा करने में मुख्य भूमिका निभाई थी।
फर्जी बैंक गारंटी मामले में रिलायंस एडीएजी समूह के अध्यक्ष अनिल अंबानी से भी पूछताछ की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, ईडी ने उद्योगपति अनिल अंबानी को ग्रुप के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए 14 नवंबर को फिर से तलब किया है।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


