नई दिल्ली, 21 दिसंबर (khabarwala24)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नितिन नबीन को नए दायित्वों के लिए बधाई दी।
नितिन नबीन से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए सीएम धामी ने लिखा, “नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से भेंट कर उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संगठन को सशक्त करने की दिशा में आपके अनुभव, ऊर्जा और संगठनात्मक दक्षता से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। आपके सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।”
नितिन नबीन की नियुक्ति को भाजपा में पीढ़ीगत बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। बिहार के मंत्री रह चुके नितिन नबीन को पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर युवा नेतृत्व को बढ़ावा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में यह नियुक्ति संगठन को और मजबूत बनाने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। नितिन नबीन के अनुभव को पार्टी के विस्तार और चुनावी तैयारियों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
धामी ने एक अन्य पोस्ट में महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने लिखा, “महाराष्ट्र के नगर पंचायत व नगर परिषद चुनावों में महायुति को प्राप्त प्रचंड जनसमर्थन पर महाराष्ट्र भाजपा एवं एनडीए परिवार के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं व सम्मानित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई। यह शानदार सफलता आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त मार्गदर्शन में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सुशासन व जनसेवा पर आधारित नेतृत्व पर जनता के गहरे विश्वास को दर्शाती है। महायुति के पक्ष में मतदान कर इस ऐतिहासिक विजय को संभव बनाने वाले सभी सम्मानित मतदाताओं को कोटिशः धन्यवाद एवं अभिनंदन।”
नितिन नबीन ने महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन की तारीफ की और महाराष्ट्र में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के सफल नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “महाराष्ट्र नगर परिषद एवं नगर पंचायत चुनावों में महायुति को मिला व्यापक जनसमर्थन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के प्रति जनता के विश्वास और आशीर्वाद को दर्शाता है।”
उन्होंने लिखा, “इस ऐतिहासिक विजय पर प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण सहित भाजपा एवं एनडीए के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को मैं हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।”
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


