नई दिल्ली, 2 जनवरी (khabarwala24)। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, वे बेहद दुखद और चिंताजनक हैं। भारत सरकार इस मामले को लेकर काफी गंभीर है।
खंडेलवाल ने khabarwala24 से बातचीत के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना वहां की सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है और बांग्लादेश सरकार को वहां रह रहे हिंदुओं की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्चतम मंचों पर उठाया गया है। सांसद ने भरोसा जताया कि इस मामले को सही दिशा में और जिम्मेदारी के साथ सुलझाया जाएगा।
उन्नाव मामले के दोषी और पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि यह एक अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला है। उन्होंने कहा कि यह प्रकरण इस समय सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष है और अदालत इसकी पूरी गंभीरता से जांच कर रही है।
खंडेलवाल ने कहा कि देश की न्याय व्यवस्था पर सभी को भरोसा रखना चाहिए और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि इस मामले में न्याय अवश्य होगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कानून के सामने कोई भी व्यक्ति बड़ा नहीं होता और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी राजनीति में पूरी तरह असफल हो चुके हैं। राहुल गांधी अपनी राजनीतिक छवि को बनाए रखने के लिए लगातार जनता को गुमराह करने और बेबुनियाद आरोप लगाने की राजनीति कर रहे हैं। जनता इस तरह की राजनीति को समझ चुकी है और यही वजह है कि लोग कांग्रेस पार्टी से लगातार दूरी बना रहे हैं। खंडेलवाल ने दावा किया कि कांग्रेस का जनाधार तेजी से कमजोर हो रहा है और पार्टी के पतन की प्रक्रिया अब तय मानी जा सकती है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


