अयोध्या, 20 दिसंबर (khabarwala24)। अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला की प्रतिष्ठा से जुड़ा द्वितीय प्रतिष्ठा द्वादशी (पौष शुक्ल द्वादशी) उत्सव इस वर्ष और अधिक भव्य, आध्यात्मिक व सांस्कृतिक स्वरूप में मनाया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र द्वारा आयोजित द्वितीय प्रतिष्ठा द्वादशी (पौष शुक्ल द्वादशी) उत्सव 29 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक श्रद्धा, अनुष्ठान और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के तत्वावधान में होने वाले इस पांच दिवसीय आयोजन को लेकर संत समाज और ट्रस्ट से जुड़े कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में सहयोग का संकल्प दोहराया है। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से अयोध्या धाम के विभिन्न मठ-मंदिरों के पूज्य संतों तथा राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
यात्री सेवा केंद्र में हुई बैठक में ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने जानकारी दी कि उत्सव के दौरान राम मंदिर परिसर में नियमित दर्शन व्यवस्था यथावत रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रभु श्रीरामलला को समर्पित राग सेवा, अभिषेक और अन्य आध्यात्मिक अनुष्ठानों को अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
डॉ. मिश्र ने कहा कि व्यवस्थागत सीमाओं के कारण सभी श्रद्धालुओं का परिसर में प्रवेश संभव नहीं हो पाता, ऐसे में एलईडी स्क्रीन, लाइव प्रसारण और अन्य संचार माध्यमों के जरिए मंदिर परिसर में होने वाले आयोजनों को जन-जन तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।
प्रतिष्ठा द्वादशी के दिन होने वाला श्रीरामलला का अभिषेक भी लाइव प्रसारित करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में यह भी सहमति बनी कि आयोजन के दौरान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी टीमें लगातार चित्र व सूचनाएं उपलब्ध कराएंगी तथा प्रिंट मीडिया के लिए प्रतिदिन प्रेस नोट जारी किए जाएंगे।
अंगद टीला पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार सहभागिता कर सकेंगे। पांच दिवसीय उत्सव में मानस पाठ, श्रीराम कथा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंडल पूजा तथा श्रीरामलला का अभिषेक प्रमुख आकर्षण होंगे। डॉ. अनिल मिश्र ने सभी संतों से आग्रह किया कि वे भक्ति भाव के साथ आयोजनों में सहभागिता करें।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


