नई दिल्ली, 2 फरवरी (khabarwala24)। गोरक्षा को समर्पित फिल्म ‘गोदान’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वीएचपी के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अलोक कुमार ने सोमवार को गौमाता पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ का पोस्टर लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने khabarwala24 से बातचीत करते हुए फिल्म की सराहना की।
आलोक कुमार ने कहा, “गोदान एक अच्छी फिल्म है। हमने इसका ट्रेलर देखा है, जो कि बहुत शानदार है।”
उन्होंने महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा, “गांधीजी ने एक बार कहा था कि उनके लिए गाय की रक्षा स्वराज से भी ज्यादा जरूरी है। गांधीजी खुद गायों की सेवा करते थे। साथ ही, उन्होंने यह प्रण लिया था कि वे अब गाय का दूध भी नहीं पिएंगे, क्योंकि यह बछड़े के लिए है।”
आलोक कुमार ने आगे कहा, “जब मैं बच्चा था, उस समय, 7 नवंबर, 1966 को, गौ माता के सम्मान के लिए एक बड़ा आंदोलन हुआ था। मेरे जीजाजी मुझे अपने साथ में लेकर गए थे, जहां पर पूरे देश से साधु, गृहस्थ और गाय से प्यार करने वाले लोग आए हुए थे, लेकिन उस दौरान पुलिस ने लाठी चार्ज किया था और गोलियां भी चली थीं।”
आलोक का कहना है कि यह हमारे देश का दुर्भाग्य है कि सभी राज्यों में गायों को मारा जाता है। उन्होंने कहा, “गायों को लेकर आस्था और सुरक्षा दोनों की जरूरत बहुत ज्यादा है। शहरों में गायों से जुड़ी दिक्कतें भी हैं, लेकिन अगर गाय पालनी हैं, तो उन्हें जानवर की तरह नहीं, बल्कि मां की तरह पालना होगा। इसमें तपस्या की जरूरत है, जैसे मां अपने बच्चे के लिए करती है।”
आलोक ने कहा कि इस फिल्म की कोशिश सभी देशवासियों को प्रेरित करेगी। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताते हुए कहा कि लोग इसे जरूर पसंद करेंगे।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


