नई दिल्ली, 26 सितंबर (khabarwala24)। दिल्ली पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहदरा से दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी की 8 गाड़ियां बरामद की गईं।
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि कुमार (29) और सुरेश (35) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि बुधवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र में मोटर वाहन चोरी रोकने के लिए गठित शाहदरा जिले की विशेष टीम ने कृष्णा नगर थाने के अंतर्गत कांति नगर रेड लाइट पर छापा मारा।
ऑपरेशन के दौरान एक ट्रक को रोका गया और जांच करने पर उसमें से दो स्कूटर और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो चोरी की प्रतीत हुईं। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर सुरेश से पूछताछ शुरू कर दी। सुरेश ने एक गोदाम के बारे में जानकारी दी, जहां और भी चोरी की गाड़ियां रखी थीं।
इस जानकारी के आधार पर टीम तुरंत ए-13, हर्ष देव पार्क, बुद्ध विहार, दिल्ली स्थित उस जगह पर पहुंची, जहां मालिक रवि कुमार मौजूद था। गोदाम की तलाशी के दौरान पुलिस को एक चोरी की मोटरसाइकिल, छह बदले हुए इंजन और इंजन/चेसिस नंबर बदलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक ग्राइंडर मिला।
इसके बाद पुलिस ने हर्ष देव पार्क, बुद्ध विहार, दिल्ली स्थित दूसरे गोदाम पर भी छापा मारा, जहां से चार और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान रवि कुमार ने बताया कि वह स्क्रैप का बिजनेस करता है और बुद्ध विहार फेज-3 में उसके दो गोदाम हैं।
रवि ने बताया कि उसने अपने ट्रक ड्राइवर सुरेश को कड़कड़डूमा कोर्ट के पास एमसीडी पार्किंग से तीन दोपहिया वाहन ट्रक में लाने के लिए कहा था।
रवि ने दावा किया कि उसने तीन वाहन एक व्यक्ति सुमित से कुल 10,000 रुपए में खरीदे थे। उसने यह भी कबूल किया कि वह आमतौर पर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से बोली लगाकर दोपहिया वाहन खरीदता है। उन्हें खोलकर उनके पार्ट्स बेच देता है। इसके अलावा उसने यह भी कबूल किया कि वह कभी-कभी चोरी की गाड़ियां खरीदता था, उन्हें तोड़ता था और उनके पार्ट्स बेच देता था।
पुलिस की इस कार्रवाई से न्यू अशोक नगर, बुराड़ी, केशवपुरम, सीमापुरी, जीटीबी एन्क्लेव, आनंद विहार, कालकाजी और मधु विहार पुलिस स्टेशनों में दर्ज आठ मामले सुलझा लिए गए हैं।
Source : IANS
डिस्क्लेमर: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में Khabarwala24.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर Khabarwala24.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


