खबरवाला 24 न्यूज हापुड़ : थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा-टियाला के जंगल में सोमवार देर रात थाना हापुड़ देहात पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से एक शातिर लुटेरा घायल हो गया। घायल सहित दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, बदमाशों के दो साथी मौके से फरार हो गए। बदमाशों से दो तमंचा, दो कारतूस, दो खोखा बरामद, 60 हजार रुपये और बाइक बरामद हुई है।
एएसपी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि गांव उपैड़ा में रहने वाले अमित त्यागी की थाना देहात क्षेत्र के मेरठ रोड पर यूनीप्लस बायोटेक के नाम से दवा कंपनी है। शुक्रवार देर रात हथियारों से लैस चार बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर मारपीट कर वहां रखे 1.80 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। सोमवार देर रात थाना देहात प्रभारी आशीष कुमार उपनिरीक्षक इंद्रकांत यादव और एसओजी की टीम क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि लूट की घटना में शामिल शातिर बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में किठोर मार्ग से होकर गांव टियाला की तरफ आ रहे हैं।
पुलिस पर कर दी फायरिंग
सूचना पर टीम ने किठौर मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने दो बाइकों पर सवार संदिग्ध युवकों को रोकने का इशारा किया। लेकिन, उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार होने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल हो गया। उसके एक अन्य साथी बदमाश को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि, दो साथी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। घायल बदमाश जिला मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव कौल का रहने वाला असदुद्दीन है। दूसरा गिरफ्तार बदमाश गांव कौल का रहने वाला लवलीश शर्मा है। फरार बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है।
फैक्ट्री कर्मचारी ने ही कराई थी लूट की वारदात
पुलिस ने कर्मचारियों से पूछताछ की तो पता चला कि फैक्ट्री में काम करने वाले लवनीश निवासी कौल थाना खरखौदा ने ही लूट का पूरा प्लान किया था। उसने अपने गांव निवासी असदुद्दीन और कुछ साथियों को बताया कि फैक्टरी में लूट को अंजाम दिया जा सकता है। जिसके बाद चार लोगों ने इस लूट को अंजाम दिया।


