फिरोजपुर, 14 फरवरी (khabarwala24)। पंजाब की फिरोजपुर पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत शनिवार को नशीले पदार्थों और हथियारों के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन और हथियार बरामद किए गए हैं।
पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि एक बड़ी सफलता में फिरोजपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों और हथियारों के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 22 किलोग्राम हेरोइन, 2 ग्लॉक पिस्तौलें (मैगजीन और कारतूस सहित), एक कार और 2.05 लाख रुपए की नशीले पदार्थों की रकम बरामद की।
आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पंजाब पुलिस भारत में नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने और पूरे पंजाब में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले 12 फरवरी को पंजाब पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने सीमा पार से चल रहे नारको-तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया।
इनके पास से 7 किलो 630 ग्राम हेरोइन और 21,800 रुपए नकद जब्त किए गए। यह कार्रवाई अमृतसर के छेहरटा थाने में हुई, जहां एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी वर्चुअल नंबरों के जरिए दुबई स्थित एक हैंडलर के संपर्क में थे। यह हैंडलर बॉर्डर पार से हेरोइन की खेप पहुंचाने में मदद करता था। वह पिकअप की जगहों और आगे की सप्लाई चेन को निर्देश देता था। हैंडलर कई नशीले पदार्थों के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और पहले 43 किलो हेरोइन की बरामदगी वाले एक बड़े एनडीपीएस मामले में भी शामिल बताया गया।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


