ग्रेटर नोएडा, 2 फरवरी (khabarwala24)। गौतमबुद्धनगर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दादरी थाना पुलिस और नारकोटिक्स सेल ने संयुक्त रूप से बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में लिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से कुल 19 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 2 फरवरी को थाना दादरी पुलिस और नारकोटिक्स सेल को मैनुअल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि अंबेडकर कॉलोनी क्षेत्र के पास कुछ लोग अवैध रूप से गांजा की तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान रामबाबू पुत्र अनूपलाल और अंजे पर्वत पुत्र ललन पर्वत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से 19 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे अवैध रूप से बिक्री और आपूर्ति के लिए लाया गया था। गिरफ्तार अभियुक्त रामबाबू (उम्र लगभग 55 वर्ष) मूलरूप से हरपुर जगन्नाथपुर, थाना महनार, जनपद वैशाली (बिहार) का निवासी है और वर्तमान में गगन विहार कॉलोनी, दादरी में रह रहा था।
वहीं, दूसरा अभियुक्त अंजे पर्वत (उम्र लगभग 24 वर्ष) मूलरूप से थाना सिवान, जनपद सिवान (बिहार) का निवासी है, जो वर्तमान में दादरी क्षेत्र में निवास कर रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त रामबाबू का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में थाना दादरी और थाना सिकन्द्राबाद, बुलंदशहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
इससे स्पष्ट होता है कि वह लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी के अवैध धंधे में संलिप्त रहा है। इस संबंध में थाना दादरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


