मथुरा, 21 मार्च (khabarwala24)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गोरक्षा से जुड़े गोरक्षक चंद्रशेखर की हत्या पर शनिवार सुबह शहर में बवाल हो गया। गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर उनकी हत्या कर दी थी। इसके बाद आक्रोशित गोरक्षकों ने पुलिस प्रशासन पर पथराव कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मथुरा के ब्रज क्षेत्र में गोरक्षक चंद्रशेखर, जिन्हें लोग “फरसा वाले बाबा” के नाम से जानते थे, की कथित गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। यह घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी के नवीपुर गांव के पास हुई।
इसके बाद शनिवार सुबह छाता नेशनल हाईवे पर स्थानीय लोग और गोरक्षक एकत्रित होकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे, जिसके चलते हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम लगने की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया।
देखते ही देखते लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को दूर किया। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनको प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
गौरक्षकों की मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करे, नहीं तो आने वाले समय में और स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही हमें हाईवे पर जाम की सूचना मिली थी, कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। पूरे मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल एक युवक को मौके से ही पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जो लोग भी इसमें शामिल हैं, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


