खबरwala 24 न्यूज: मेरठ पुलिस ने 25 हजार के इनामी मीट कारोबारी व पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी और उसके बेटे इमरान को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि याकूब और इमरान को दिल्ली के चांदनी महल थाना क्षेत्र के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया है। 31 मार्च 2022 को मेरठ के खरखौदा थाना में दर्ज मामले के अनुसार अल फहीम मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड में मांस की पैकिंग और प्रसंस्करण का अवैध कारोबार किया जा रहा था, जिसके लिए अभियुक्तों के पास कोई लाइसेंस नहीं है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी और उसका बेटा इमरान कई दिनों से फरार थे। उपरोक्त मुकदमे के आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत उनके खिलाफ खरखौदा थाना में 11 नवंबर 2022 को मुकदमा दर्ज किया गया था। बता दें कि इस मामले में याकूब के बेटे फिरोज ने एक महीने पहले ही अदालत में आत्मसर्मपण कर दिया था, जबकि उसकी पत्नी संजीदा बेगम अग्रिम जमानत पर बाहर है। याकूब कुरैशी पूर्व में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार में मंत्री रह चुके हैं।


