खबरwala 24 न्यूज, हापुड़
पुलिस को 17 साल से साधु का वेश धारण कर चकमा दे रहे ब्रहमागिरी को मथुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पिलखुवा के गांव सिखेड़ा स्थित शिव हरि मंदिर में साधु बनकर रह रहा था। ब्रहमगिरि का असली नाम अजय शर्मा है और वह मूलरूप से बाबूगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार जिला मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में वर्ष 2005 में एक लूट की वारदात हुई थी। जिसमें थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के रहने वाले अजय शर्मा सहित तीन लोगों को नामजद कराया गया था। अजय शर्मा तभी से फरार चल रहा था। अजय शर्मा कोई और नहीं बल्कि, सिखेड़ा स्थित शिव मंदिर में साधु बनकर रह रहा ब्रहमगिरि था। सोमवार की रात पुलिस ने अजय शर्मा उर्फ ब्रहमगिरि को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार उस पर पहले पांच हजार इनाम घोषित था। पिछले दिनों पुलिस अधीक्षक की तरफ से इनाम की धनराशि 25 हजार रुपये कर दी गई थी। आरोपित की गिरफ्तारी की सूचना जैसे ही क्षेत्र के लोगों के कानों तक पहुंची तो वह उसकी हकीकत जानने के बाद दंग रह गए।
सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस सूत्रों की मानें तो मथुरा पुलिस को आरोपित के बारे में सटीक जानकारी मिली कि वह पिलखुवा क्षेत्र के एक मंदिर में वेश बदलकर रह रहा है। मंदिर में रहने वाला व्यक्ति साधु नहीं बल्कि, मथुरा से लूट की वारदात में शामिल लुटेरा है। मथुरा पुलिस की मानें तो आरोपित पिछले कई दिन पुलिस के टारगेट पर था। गिरफ्तारी के बाद आरोपित ने बताया कि लूट के बाद से वह पिछले 17 साल से भेष बदलकर मंदिर में रह रहा था। आरोपित ने बताया कि भाई अरुण शर्मा ने मारपीट कर घायल कर दिया था। इसके चलते उसने दाढ़ी और बाल कटवा दिए थे।
मजे की जिंदगी जी रहा था
साधु के रूप में अजय शर्मा उर्फ ब्रहमगिरी मजी की जिंदगी जी रहा था। गाड़ियों में घूमता था। राजनीति में अच्छी पकड़ का दावा करता था। साधु के भेष में वर्षों से छिपा लुटेरा अपने आप को लखनऊ से लेकर दिल्ली तक बड़ों लोगों के नजदीकी बताया था।
रौबगालिब करने में पीछे नहीं रहता था
अजय शर्मा स्वामी ब्रहमगिरि बनकर नर्मदा गिरि का शिष्य बताया करता था। भगवा वस्त्र धारण कर रौबगालिब करने में पीछे नहीं रहता था। सरकारी कार्यालयों में भी अक्सर घूमता रहता था। पिछले दिनों ब्रहमगिरी ने अपने भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी और पुलिस को भी रौब में लेने की कोशिश की थी।
राजस्थान पुलिस भी कर रही तलाश :
अजय शर्मा के खिलाफ राजस्थान में कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। सूत्र बताते हैं कि राजस्थान पुलिस भी आरोपित की तलाश कर रही है। मथुरा पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद अब राजस्थान पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी। थाना प्रभारी निरीक्षक पिलखुवा मुनीष प्रताप सिंह ने बताया है कि मथुरा पुलिस ब्रहमगिरि उर्फ अजय शर्मा को गिरफ्तार कर ले गई है। राजस्थान पुलिस भी पिछले दिनों आई थी।


