खबरवाला 24 न्यूज हापुड़ : सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए 23 जनवरी को जिले में मानव शृंखला मनाई जाएगी। इसमें जिले के हजारों छात्र समेत एनजीओ व आम लोग भी शामिल होंगे। इस दौरान सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। जिले में कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों को लेकर बुधवार को सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
जिला मुख्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में अध्यक्षता करते हुए सीडीओ प्रेरणा सिंह ने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा के अंतर्गत कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारी कर ली जाए। मानव शृंखला में अधिक से अधिक संख्या में छात्र, ग्राम वासियों, एनजीओ, एनसीसी, एनएसएस स्कॉउट गाइड और आम जनमानस की भी प्रतिभागिता सुनिश्चित किया जाए।
अफसरों को दी जिम्मेदारी
उन्होंने बताया कि सदर उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए और और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, छात्रों और अध्यापकों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी है।
यह रहे मौजूद
बैठक में जिला विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आशुतोष उपाध्याय, जिला विद्यालय निरीक्षक पीके उपाध्याय, बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता समेत संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
सफाई की बेहतर व्यवस्था रहेगी
सीडीओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि मानव शृंखला के दौरान मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल एवं मोबाइल टॉयलेट की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। इस व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा उन्होंने तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारियों और ब्लॉक स्तर पर खण्ड विकास अधिकारियों को मानव श्रृंखला बनाने एवं शपथ समारोह आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।


