Khabarwala24 West Bengal News: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चचेरे भाई की 28 वर्षीय बेटी ब्रिस्टी मुखर्जी का शव मंगलवार सुबह बीरभूम जिले में उनके पैतृक घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला। प्राथमिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि 2023 में शिक्षक भर्ती घोटाले पर कोर्ट के फैसले के बाद उनकी नौकरी चली गई थी और वे पिछले 3 वर्षों से गहरे मानसिक तनाव में थीं।
घर की दूसरी मंजिल पर मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच (West Bengal News)
घटना बीरभूम के रामपुरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कुसुम्बा गांव की है। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों ने ब्रिस्टी का शव घर की दूसरी मंजिल के कमरे में लटका देखा।
परिवार की सूचना पर रामपुरहाट थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारी हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं।
शिक्षक भर्ती घोटाले में रद्द हुई थी नौकरी, लिस्ट में 608वां था नाम (West Bengal News)
28 वर्षीय ब्रिस्टी मुखर्जी को मार्च 2023 में बोलपुर के एक अपर प्राइमरी स्कूल में नॉन-टीचिंग स्टाफ के तौर पर नियुक्ति मिली थी। हालांकि, राज्य के चर्चित शिक्षक भर्ती घोटाले (SSC Scam) में भाई-भतीजावाद और अवैध लेन-देन के आरोप साबित होने पर कलकत्ता हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट ने करीब 26,000 शिक्षकों व गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्तियों को खारिज कर दिया था।
अदालत द्वारा रद्द की गई उम्मीदवारों की लिस्ट में ब्रिस्टी का नाम 608वें स्थान पर दर्ज था। नौकरी जाने के बाद से ही वे काफी तनाव में थीं। हालांकि, परिजनों का दावा है कि उन्होंने मेडिकल वजहों से महज एक दिन काम करने के बाद खुद ही पद से इस्तीफा दे दिया था।
तृणमूल नेता हैं मृतका के पिता, SSC केस में कई बड़े नाम जेल में (West Bengal News)
मृतका ब्रिस्टी मुखर्जी के पिता निहार मुखर्जी ममता बनर्जी के मामा के बेटे हैं और इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के स्थानीय नेता हैं।
बता दें कि यह पूरा मामला साल 2016 में पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (WBSSC) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय चयन परीक्षा में हुए ‘कैश फॉर जॉब’ घोटाले से जुड़ा हुआ है। इस हाई-प्रोफाइल भ्रष्टाचार मामले में तत्कालीन शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, सत्तारूढ़ दल के कई विधायकों और शिक्षा विभाग के कई बड़े अधिकारियों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










