Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला गढ़ी में सोमवार सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई। यहां 18 वर्षीय इंटरमीडिएट के छात्र मनीष की बिजली का करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मनीष रोज की तरह सुबह करीब छह बजे सोकर उठने के बाद अपने कमरे से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान कमरे में रखे टेबल फैन के कटे और क्षतिग्रस्त तार पर अनजाने में उसका पैर पड़ गया। तार नंगा होने के कारण मनीष अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया (Hapur News)
चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन तुरंत मनीष को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस अचानक हुई त्रासदी से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिवार का बड़ा सहारा था मनीष (Hapur News)
मृतक मनीष दो भाइयों में बड़ा था और पढ़ाई में होनहार होने के साथ-साथ स्वभाव से काफी मिलनसार था। उसके पिता मूलचंद दिल्ली में मजदूरी करते हैं, जबकि मां पूजा गृहणी हैं। छोटा भाई गौरव फिलहाल छठी कक्षा में पढ़ता है। घर की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए मनीष पढ़ाई के साथ-साथ छोटे-मोटे काम करके अपने पिता की आर्थिक मदद भी किया करता था। उसकी अकाल मृत्यु से गरीब परिवार का सबसे बड़ा सहारा छिन गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।










