Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक ऐसा मजेदार और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे। यहां एक युवक शराब के नशे में इस कदर धुत हुआ कि वह खुद को असली ‘सिंघम’ समझ बैठा और सीधे पुलिस चेकपोस्ट पर धावा बोल दिया।
क्या है पूरा ‘फिल्मी’ माजरा? (Hapur News)
घटना शुक्रवार रात की है। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के देवनंदनी फ्लाईओवर के पास बनी पुलिस चेकपोस्ट उस समय जंग का मैदान बन गई, जब बाबूगढ़ क्षेत्र का रहने वाला अमर उर्फ चंदू अर्धनग्न (बिना कपड़ों के) हालत में वहां घुस गया। नशे में टल्ली चंदू ने चौकी में घुसते ही सबसे पहले वहां रखी दरोगा जी की सरकारी टोपी उठाई और शान से अपने सिर पर लगा ली।
View this post on Instagram
इतना ही नहीं, वह पूरे रौब के साथ दरोगा जी की मुख्य कुर्सी पर बैठ गया। इसके बाद उसने वहां रखे सरकारी कागजातों को फाड़ना शुरू कर दिया और कुछ फाइलों को हाथ में लेकर ‘सिंघम स्टाइल’ में पढ़ने का नाटक करने लगा। इस दौरान उसने चौकी में रखे गमले और अन्य सामान भी तोड़ डाले।
‘दरोगा जी बाहर आ जाओ’ – वीडियो वायरल (Hapur News)
कलेक्ट्रेट रोड पर हुए इस ड्रामे को देखकर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। लोग बाहर से चिल्ला रहे थे, “दरोगा जी, अब बाहर भी आ जाओ!” किसी ने इस पूरे वाकये का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते पूरे जनपद में आग की तरह वायरल हो गया।
View this post on Instagram
दोस्त के साथ किया था नशा, अब खा रहा जेल की हवा (Hapur News )
जैसे ही इस ‘फिल्मी दरोगा’ की भनक असली पुलिस को लगी, महकमे में हड़कंप मच गया। हापुड़ देहात पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर नकली सिंघम को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि चंदू ने अपने दोस्त के साथ जमकर नशा किया था और होश खो बैठा था। फिलहाल, खाकी का रौब खराब करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ‘शराबी सिंघम’ को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


