Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ कोतवाली नगर पुलिस ने मासूम बच्चों के अपहरण और मानव तस्करी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से हापुड़ और बनारस के दो अगवा किए गए किशोर, पांच हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने करीब 15 किशोरों को अगवा कर उनकी तस्करी करने की बात स्वीकार की है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
मामला 17 मई का है, जब शिवगढ़ी निवासी सुंदर सिंह का 14 वर्षीय पुत्र वंश घर से निकला था और उसके बाद लापता हो गया। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कोतवाली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस को मानव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पता चला।
पुलिस ने किशोरों को बरामद किया (Hapur News)
सोमवार को पुलिस ने रेलवे यार्ड रोड स्थित नीलकंठ मंदिर के पास से छापेमारी कर गिरोह के सरगना सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अमरोहा के थाना गजरौला क्षेत्र के गांव खेड़की भूड़ का योगेश उर्फ लोकेश, संभल जिले के हजरतनगर गढ़ी का अमित गुप्ता, लखनऊ के मोहल्ला चौका निकर नहरिया पुल चारबाग का दीपक और मुरादाबाद के थाना मझौला क्षेत्र का मुकेश शर्मा शामिल हैं।पुलिस ने इनके पास से शिवगढ़ी के वंश और बनारस जिले के लोहटा थाना क्षेत्र के गांव सबाईपुर निवासी मुन्ना के 17 वर्षीय पुत्र पंकज को भी बरामद कर लिया।
कई जिलों में फैला है नेटवर्क (Hapur News)
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि अमित गुप्ता और दीपक बहला-फुसलाकर किशोरों को अगवा करते थे। योगेश और मुकेश शर्मा उन्हें अपने पास रखते थे और फिर अमरोहा व मुरादाबाद के विभिन्न गांवों के किसानों को 10 से 12 हजार रुपये में बेच देते थे। किसान इन बच्चों से खेतों और घरों का काम करवाते थे।सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


