Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ जनपद में एक बड़ा आर्थिक घोटाला सामने आया है। थाना हापुड़ देहात पुलिस ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर महामेधा अर्बन कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड से जुड़े 35 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News )
गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-टू क्षेत्र, सेक्टर-80, ककराला ख्वासपुर निवासी जाकिर खान ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दायर कर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी कृषि भूमि के मुआवजे के रूप में प्राप्त लगभग 8 करोड़ रुपये महामेधा अर्बन कोआपरेटिव बैंक की शाखा सी-39, सेक्टर-49, नोएडा में जमा कराए थे। आरोप है कि बैंक प्रबंधन और इससे जुड़े लोगों ने साजिश रचकर जमाकर्ताओं की रकम का दुरुपयोग किया और उसे हड़प लिया।
बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों और संचालक मंडल के सदस्यों ने जमाकर्ताओं की जमा राशि से हापुड़ जनपद के ग्राम ततारपुर (थाना हापुड़ देहात) में खसरा नंबर 76, 57, 176/436, 58, 54, 61, 72, 86, 85 और 77 की कुल 19.5985 हेक्टेयर भूमि खरीदी। इसके बाद बैंक को कथित रूप से दिवालिया घोषित कर दिया गया।
अपील की गई थी खारिज (Hapur News )
21 अगस्त 2017 को भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक का लाइसेंस निरस्त कर दिया और मेरठ मंडल के संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक के माध्यम से परिसमापक नियुक्त किया गया। इसके बावजूद आरोपियों ने मिलीभगत कर उक्त संपत्ति को अपने परिचितों के नाम रजिस्टर्ड समझौते के जरिए स्थानांतरित कर दिया। सहकारी विभाग ने 31 दिसंबर 2020 और 27 जनवरी 2021 को संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए, लेकिन आरोपियों ने सहकारी न्यायाधिकरण, लखनऊ में अपील दायर की, जिसे 30 मई 2022 को खारिज कर दिया गया। फिर भी साजिश जारी रही।
षड़यंत्र रचने का आरोप (Hapur News )
सबसे गंभीर आरोप यह है कि 1 दिसंबर 2025 को कुर्कशुदा भूमि को विभिन्न कंपनियों के माध्यम से एक बिल्डर फर्म को बेच दिया गया। रजिस्ट्रियों में गवाह बनाकर पूरे प्रकरण को वैध दिखाने का प्रयास किया गया। इस पूरे मामले में जमाकर्ताओं की मेहनत की कमाई हड़पने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र रचा गया।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा (Hapur News )
इस मामले में नामजद 35 आरोपियों में शामिल हैं – महामेधा अर्बन कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड नई बस्ती गाजियाबाद की शाखा प्रबंधक, तत्कालीन सभापति गाजियाबाद ए-42 अशोक नगर निवासी राज सिंह भाटी, सेक्टर-टू चिरंजीव विहार निवासी ई. एस. ल्यूक, अशोक नगर निवासी पप्पू भाटी, गौर ग्रीन सिटी एटीएस एडवांटेज निवासी अशोक कुमार चौहान, इंदिरापुरम निवासी अशोक कुमार चावला, ओम एन्क्लेव लाल कुआं निवासी पंकज गुप्ता, शास्त्री नगर निवासी ताराचंद शर्मा, मुरादनगर निवासी अभिषेक कुमार पांडेय, महरौली निवासी ब्रजवीर सिंह, वैशाली निवासी चंद्र प्रकाश सिंह, अशोक नगर निवासी उमेश भाटी, सुनीता भाटी, राजनगर एक्सटेंशन निवासी अरविंद कुमार सिंह, अशोक नगर निवासी सौरभ जौहरी, नंदग्राम रोड निवासी विकास सिंघल, विवेकानंद नगर निवासी सोनवीर सिंह, संजय नगर निवासी विनय गोयल, प्रताप विहार निवासी सुशांत शर्मा, चिरंजीव विहार निवासी कपिल मल्होत्रा, कविनगर निवासी अजयवीर सिंह, गार्डन एन्क्लेव निवासी सुरेश चंद शर्मा, राजनगर निवासी श्रेय त्यागी, नोएडा सेक्टर 47 निवासी सुनीता भाटी, भंगेल निवासी शिव कुमार शर्मा, सेक्टर 142 निवासी लहरु शर्मा, महाराष्ट्र के चरई वेस्ट ठाणे न्यू वैभव सोसाइटी सोनल अपार्टमेंट निवासी सुरेश बाबू मालगे, सुशीला मालगे, सुमित मालगे, नैना अवाना, अतुल पाल सिंह, अरविंद कुमार, मनोज कुमार, साउथ दिल्ली फतेहपुर बेरी निवासी महेंद्र सिंह खारी और हापुड़ थाना धौलाना गांव सपनावत निवासी राकेश कुमार गुप्ता हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी (Hapur News )
थाना प्रभारी हापुड़ देहात नीरज कुमार ने बताया कि पीड़ित जाकिर खान की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



