Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News गाजियाबाद-मुरादाबाद हाईवे-9 की सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस और मेरठ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक आर्टिका कार सवार दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 56 किलो 990 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत बाजार में करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
जानकारी के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करी पर सख्त अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। मेरठ एएनटीएफ के उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह की टीम और गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली के उपनिरीक्षक द्विजेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ हाईवे की सर्विस रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी एक आर्टिका कार तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोकने का संकेत दिया, लेकिन कार सवारों ने फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
डिक्की में छिपाकर रखा था गांजा (Hapur News)
कार की सघन तलाशी ली गई तो पीछे की सीट और डिक्की में छिपाकर रखा गया 56 किलो 990 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी युवकों के पास से 11,310 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल हो रही आर्टिका कार भी जब्त कर ली गई।
कौन हैं पकड़े गए तस्कर (Hapur News)
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान खबरूल हसन मियाँ और अशदुल हक के रूप में हुई है। खबरूल हसन पश्चिम बंगाल के थाना साहिबगंज के गांव बालाकुरा का रहने वाला है और फिलहाल गाजियाबाद के इंद्रापुरम सेक्टर-14, वसुंधरा में रहता है। वहीं अशदुल हक भी पश्चिम बंगाल के साहिबगंज के गांव कोंचाबारी का मूल निवासी है और दिल्ली के बसंत कुंज थाना क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी में रहता है।
दिल्ली एनसीआर में करते थे सप्लाई (Hapur News)
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पश्चिम बंगाल से गांजा की तस्करी कर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते हैं। पुलिस को शक है कि यह गिरोह बड़ा हो सकता है। अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी (Hapur News)
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से न सिर्फ बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है बल्कि युवाओं को नशे की लत से बचाने में भी मदद मिलेगी। आरोपियों के पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी मिली हैं, जिसके संबंध में जांच की जा रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



