Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित मोदी अस्पताल के निकट शनिवार रात को चोरों ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी। चोरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग स्थानों पर धावा बोलकर लाखों रुपये का सामान लूट लिया। रविवार सुबह जब व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर पहुंचे तो शटर और ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। इस घटना से पूरे इलाके के व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त हो गया है।

क्या है पूरा मामला (Hapur News)
जानकारी के अनुसार, स्वर्ग आश्रम रोड पर शिवम की शिवा मोबाइल दुकान है। शनिवार शाम शिवम ने दुकान का ताला लगाकर घर चले गए थे। रात के अंधेरे में चोर दुकान पर पहुंचे और शटर तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान से 24 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित कुल करीब 50 हजार रुपये का माल उठा लिया।
हापुड़ देहात में चोरों का तांडव: एक रात में तीन दुकानों-गोदाम में लाखों का माल चोरी#hapur #hapurNews #uppolice #hapurpolice @Uppolice @hapurpolice @digrangemeerut @DmHapur pic.twitter.com/2QLmzcwWQQ
— khabarwala24 (@khabarwala24) April 12, 2026
यहां भी वारदात को दिया अंजाम (Hapur News)
थोड़ी ही दूरी पर अनुज की सांई मेडिकल एजेंसी स्थित है। यहां भी चोरों ने ताला तोड़कर घुसपैठ की। दुकान के अंदर रखी तीन पेटी सिरप, टेबलेट्स के कार्टून और अन्य दवाइयों सहित करीब पांच लाख रुपये का स्टॉक चोरों ने लूट लिया। चोरों का हौसला इतना बुलंद था कि उन्होंने पास ही स्थित अशोक कुमार की चॉकलेट एजेंसी के गोदाम पर भी हमला कर दिया। गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने यहां से भी लाखों रुपये मूल्य का चॉकलेट और अन्य सामान समेट लिया।
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग (Hapur News)
तीनों जगहों पर चोरी की घटना एक ही रात में होने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। कई व्यापारियों ने कहा कि गर्मी शुरू होते ही चोरों के हौंसले बढ़ गए हैं। रात के समय पुलिस की गश्त नाकाफी है। उन्होंने मांग की है कि रात में गश्त बढ़ाई जाए और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि व्यापारियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

पुलिस ने जांच की शुरू (Hapur News)
सूचना मिलते ही थाना हापुड़ देहात पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि विभिन्न बिंदुओं पर जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास तेज कर दिया गया है। जल्द ही इस मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कराया जाएगा।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



