Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गढ़ रोड स्थित सर्वोदय कॉलोनी में एक मकान पर पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
जानकारी के अनुसार, जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा सिंह को जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति द्वारा शिकायत दी गई थी कि सर्वोदय कॉलोनी निवासी मनोज गर्ग के मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति विभाग और थाना हापुड़ देहात पुलिस की टीम का गठन किया गया।
टीम ने मौके से बरामद किए सिलेंडर (Hapur News)
संयुक्त टीम ने जब मौके पर छापेमारी की, तो मकान के अंदर से कुल 14 सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 11 कॉमर्शियल और 3 घरेलू गैस सिलेंडर शामिल हैं। बरामद कॉमर्शियल सिलेंडरों में से चार पूरी तरह भरे हुए थे, जबकि अन्य आंशिक रूप से भरे पाए गए।छापेमारी के दौरान आरोपी मनोज गर्ग से सिलेंडरों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। इससे स्पष्ट हुआ कि सिलेंडरों का भंडारण नियमों के विरुद्ध किया जा रहा था और कालाबाजारी की आशंका है।
पूर्ति निरीक्षक ने दर्ज कराया मुकदमा (Hapur News)
पूर्ति निरीक्षक कमलेश कुमार ने इस मामले में थाना हापुड़ देहात में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिलेंडरों की कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी (Hapur News)
जिला पूर्ति अधिकारी सीमा बालियान का कहना है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें इस प्रकार की कोई गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



