Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ जिले के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के एक गांव से 21 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने गाजियाबाद के एक युवक पर बहला-फुसलाकर बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और युवती की तलाश की जा रही है।
क्या है पूरा मामला (Hapur News)
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित पिता ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसकी 21 वर्षीय बेटी अपनी मां के साथ खेत पर काम करने के लिए गई थी। सुबह करीब दस बजे युवती ने पेट दर्द होने की बात कही और घर लौटने के लिए खेत से चली आई। उस समय परिवार के अन्य सदस्य खेत पर ही काम कर रहे थे।
युवती का नहीं लगा सुराग (Hapur News)
शाम को जब पिता और अन्य परिजन खेत से घर लौटे तो युवती घर पर नहीं मिली। परिवार के लोगों ने पहले आसपास और पड़ोस में उसकी तलाश की। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पता किया गया, लेकिन युवती का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
संतोषजनक जवाब नहीं मिला (Hapur News)
काफी खोजबीन के बाद परिवार को जानकारी मिली कि पीड़ित के बेटे की पत्नी के मामा का बेटा सागर, जो गाजियाबाद के सिहानी चुंगी क्षेत्र का रहने वाला है, युवती को अपने साथ ले गया है। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी के परिजन से संपर्क कर बेटी के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
परिवार को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी, जिसके बाद पीड़ित पिता ने थाना हाफिजपुर पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने जांच की शुरू (Hapur News)
थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर गाजियाबाद निवासी युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। युवती की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस युवती की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी माध्यमों के जरिए भी जांच कर रही है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।



