Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News हापुड़ जनपद में बुलेट बाइकों से पटाखों जैसी आवाज निकालकर सड़क पर हुड़दंग मचाने वाले चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बाबूगढ़ थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन पटाखा’ के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाकर पांच बुलेट बाइक समेत कुल छह बाइकों को सीज किया है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान (Hapur News)
थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बछलौता रोड और छावनी चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ऐसी पांच बुलेट बाइक पकड़ी गईं, जिनके साइलेंसर को मॉडिफाई कर तेज पटाखों जैसी आवाज निकाली जा रही थी। इसके अलावा एक अन्य बाइक को यातायात नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में पकड़ा गया। सभी वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
आपरेशन पटाखा के तहत की जा रही कार्रवाई (Hapur News)
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले काफी समय से जनपद में ‘ऑपरेशन पटाखा’ चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और अनावश्यक शोर से लोगों को होने वाली परेशानी को रोकना है। कई बार चेतावनी और चालान की कार्रवाई के बावजूद कुछ बुलेट चालक अपने मॉडिफाइड साइलेंसर नहीं हटवा रहे हैं। ऐसे साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि ध्वनि प्रदूषण का भी बड़ा कारण है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी का कार्रवाई (Hapur News)
स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को इन तेज आवाजों से काफी परेशानी होती है। कई बार अचानक तेज धमाके जैसी आवाज से सड़क पर दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। अभियान के दौरान वाहन चालकों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट की भी जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर स्टंट, रेसिंग या साइलेंसर मॉडिफिकेशन जैसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। यदि भविष्य में कोई चालक दोबारा इस तरह की हरकत करता पाया गया तो उसके खिलाफ और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जारी रहेगा पुलिस का अभियान (Hapur News)
बाबूगढ़ पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के अन्य प्रमुख चौराहों व सड़कों पर भी चेकिंग की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


