Khabarwala 24 News Hapur: Hapur News उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्रेम विवाह कर चार साल से साथ रह रहे दंपति की कहानी उस वक्त दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गई, जब पत्नी की बीमारी से मौत के बाद उसके दफन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सामाजिक नाराजगी इतनी गहरी थी कि पति को अंतिम संस्कार के लिए दो-दो गांवों के चक्कर लगाने पड़े।
चार साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ किया था प्रेम निकाह (Hapur News)
मामला धौलाना थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार शाहनवाज ने करीब चार वर्ष पूर्व परिवार की मर्जी के बिना मुस्कान से प्रेम निकाह किया था। बताया जा रहा है कि इस विवाह को लेकर दोनों परिवारों में नाराजगी थी। समय के साथ मामला शांत जरूर हुआ, लेकिन रिश्तों की खटास पूरी तरह खत्म नहीं हुई।पिछले कुछ समय से मुस्कान बीमार चल रही थी। इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। पत्नी की मौत से टूट चुके शाहनवाज के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती थी उसे धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार सुपुर्द-ए-खाक करना।
कब्रिस्तान में कब्र खोदते ही शुरू हुआ विवाद (Hapur News)
शाहनवाज जब पत्नी के शव को लेकर गांव के कब्रिस्तान पहुंचा और कब्र खोदनी शुरू की, तभी कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति जता दी। आरोप है कि प्रेम विवाह को लेकर पहले से नाराज लोगों ने कब्रिस्तान में दफनाने की अनुमति देने से इंकार कर दिया। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और बहस व तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

मायके पक्ष ने भी नहीं दी अनुमति (Hapur News)
स्थिति बिगड़ती देख शाहनवाज शव को लेकर पत्नी के पैतृक गांव पहुंचा, लेकिन वहां भी उसे निराशा ही हाथ लगी। मृतका के परिजनों ने भी दफनाने की अनुमति नहीं दी। चार साल पहले लिया गया प्रेम का फैसला इस दुखद घड़ी में भी रिश्तों की दीवारें नहीं तोड़ सका। पति शव को लेकर इधर-उधर भटकता रहा, लेकिन कहीं सहमति नहीं बन सकी।
पुलिस की एंट्री के बाद शांत हुआ मामला (Hapur News)
मामले की सूचना मिलते ही धौलाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। काफी समझाइश और सख्ती के बाद पुलिस की मौजूदगी में कब्रिस्तान में मुस्कान को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव न फैले।
सीओ पिलखुवा अनीता चौहान का बयान (Hapur News)
पूरे घटनाक्रम पर अनीता चौहान (सीओ पिलखुवा) ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा, “दोनों पक्षों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। शव का दफन शांतिपूर्वक पुलिस की मौजूदगी में कराया गया है। क्षेत्र में फिलहाल स्थिति सामान्य है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Khabarwala24 पर. Hindi News और India News in Hindi से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर ज्वॉइन करें, Twitter पर फॉलो करें और Youtube Channel सब्सक्राइब करे।


